मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र से अध्यात्म की आड़ में यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने खुद को ‘साधु’ बताने वाले एक ऐसे शातिर शख्स को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन धार्मिक प्रवचनों और भजन-कीर्तन के जरिए पढ़ी-लिखी और नौकरीपेशा युवतियों को निशाना बनाता था. आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा (निवासी ओडिशा) के रूप में हुई है, जिसने साल 2021 में आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की थी. वह पहले 20 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर नौकरी भी कर चुका है.

यह पूरा मामला तब खुला जब छत्तीसगढ़ की रहने वाली बी.एससी. नर्सिंग की एक छात्रा ने अपने परिवार के साथ मथुरा के एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई. पीड़िता 15 मई को अपनी बहन से मिलने मथुरा आई थी, जो राधाकुंड इलाके में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) में इंटर्नशिप कर रही थी और आरोपी के मकान में किराए पर रहती थी.

आरोपी अभिषेक मिश्रा (फर्जी नाम: अधिकारी नारायण दास) ने स्थानीय भजन समूह के जरिए उनकी बहन से विश्वास बढ़ाया था. 15 मई की रात आरोपी ने पीड़िता को ‘प्रसाद’ के नाम पर नशीला दूध पिला दिया. बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. लोक-लाज के डर से पीड़िता पहले अपने घर लौट गई, लेकिन आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी. परेशान होकर पीड़िता ने अपने पिता को सब बताया, जिसके बाद गोवर्धन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया.

पुलिस जांच में आरोपी का एक बड़ा नेटवर्क और घिनौना पैटर्न सामने आया है. वह खासकर बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNCs) में काम करने वाली हाई-सैलरी वाली बी.टेक ग्रेजुएट महिलाओं को टारगेट करता था. विश्वास जीतने के बाद वह उन्हें अपने कमरे पर बुलाकर नशीला पदार्थ देता और उनके अश्लील वीडियो बना लेता था. इन्हीं वीडियो के दम पर वह उनसे लाखों रुपये वसूलता था. ब्लैकमेलिंग की इसी कमाई से उसने राधाकुंड में जमीन खरीदी और अपना ‘आश्रम’ बना लिया.

एसपी (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अभिषेक मिश्रा को सोमवार शाम उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया. मौके से दो युवतियों और एक बच्चे को रेस्क्यू कर नशामुक्त केंद्र भेजा गया है. आरोपी के मोबाइल से दर्जनभर से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं. जांच में यह भी पता चला है कि वह युवाओं के बीच ‘गंधर्व विवाह’ कराता था और फिर युवतियों का ब्रेनवाश कर उनका यौन शोषण करता था. पुलिस फिलहाल अन्य पीड़ितों और उसके इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.