अजयारविंद नामदेव, शहडोल। आदिवासी बाहुल्य जिले शहडोल में धरती के नीचे दफन काला हीरा अब कोल माफिया के लिए कमाई का जरिया बन गया है। अवैध खनन और परिवहन के जरिए यह धंधा पैर पसार रहा था, लेकिन खनिज विभाग ने बुढार थाना क्षेत्र के चंगेरा गांव में कार्रवाई करते हुए इस अवैध कारोबार पर सख्त प्रहार किया है। खनिज विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध कोयला खदानों को बंद कराया और मौके से बड़ी मात्रा में कोयला सहित एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है।

जानलेवा गड्ढों से निकाल रहे कोयला

जानकारी के मुताबिक बुढार थाना क्षेत्र के ग्राम चंगेरा क्षेत्र में गुफानुमा खतरनाक गड्ढों के जरिए अवैध उत्खनन किया जा रहा था, ये गड्ढे न सिर्फ गैरकानूनी थे बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकते थे। खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन खदानों को बंद कराया और अवैध रूप से निकाले गए कोयले को जब्त कर थाना बुढार की अभिरक्षा में रखवा दिया।

ईंट भट्टों में बेच रहे थे कोयला

खनिज विभाग की टीम की कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि गांव के कुछ लोग बोरियों में कोयला निकालकर आसपास के ईंट भट्टों में बेच रहे थे। उन्होंने बताया कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था। विभाग ने निरीक्षण के उन गड्ढों को भी बंद करा दिया है जहां दोबारा खनन शुरू होने की उम्मीद थी।

खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले ने की कार्रवाई

इस अभियान का नेतृत्व खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले ने किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान उन्होंने लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि वे इस तरह की गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी अवैध खनन की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। विभाग के अन्य अधिकारी राहुल शांडिल्य ने जानकारी देते हुए बताया कि बुढ़ार के चंगेरा में कोयले की अवैध खदान संचालित होने की सूचना मिली थी जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि मौके से एक ट्रैक्टर-ट्राली जब्त की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m