जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के एक खाली मकान में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 176 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। यह मामला बलौदा पुलिस क्षेत्र का है।

रिहायशी इलाके में किया जा रहा था अवैध भंडारण

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने मौके से करीब 176 किलोग्राम पटाखे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये है। पुलिस ने पटाखों को विधिवत जब्त कर लिया।

इस मामले में पुलिस ने दीपक कुमार अग्रवाल (52 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर सहित बलौदा थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H