चिरकुंडा में जर्जर बीसीसीएल क्वार्टर से चल रहा था गुप्त कारोबार, मुख्य आरोपी फरार; झारखंड-बंगाल तक फैला था नेटवर्क

धनबाद। धनबाद के निरसा अनुमंडल अंतर्गत चिरकुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गुप्त प्रिंटिंग यूनिट का पर्दाफाश किया है। बाबूडंगाल मोड़ स्थित बीसीसीएल के जर्जर दो मंजिला क्वार्टर में शुक्रवार रात छापेमारी कर पुलिस ने करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये मूल्य की प्रतिबंधित लॉटरी टिकटें, हाईटेक प्रिंटिंग मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

एसडीपीओ लीलेश्वर महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद कई लोग फरार हो गए। मुख्य आरोपी भी भागने में सफल रहा, जबकि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

हाईटेक मशीनों से छप रही थीं प्रतिबंधित लॉटरी टिकटें

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो बड़े डिजिटल प्रिंटर, आठ छोटे प्रिंटर, दो कटर मशीन, प्रिंटिंग इंक, स्टीकर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और भारी मात्रा में कागज बरामद किए। जब्त सामग्री को दो ट्रैक्टरों के जरिए थाना पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, इस यूनिट में आधुनिक मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित लॉटरी टिकटों की छपाई की जा रही थी।

झारखंड और पश्चिम बंगाल तक फैला था नेटवर्क

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां तैयार होने वाली लॉटरी टिकटें जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो, रांची समेत झारखंड के कई जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल के आसनसोल, दुर्गापुर और वर्धमान तक भेजी जाती थीं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि बिहार में भी इसी नेटवर्क के जरिए लॉटरी की सप्लाई की जा रही थी।

पूरे सिंडिकेट की तलाश में पुलिस

कार्रवाई के दौरान कई प्रतिबंधित कंपनियों की लॉटरी टिकटें भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही पूरे सिंडिकेट, उसके आर्थिक लेन-देन और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।