शुभम जायसवाल, राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने अवैध MD (मेफेड्रोन) ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। राजस्थान पुलिस (झालरापाटन) और मध्य प्रदेश पुलिस (राजगढ़) की संयुक्त टीम ने ग्राम गोघटपुर में छापेमारी कर भारी मात्रा में केमिकल, रॉ मटेरियल और उपकरण जब्त किए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने आरोपी रघुनंदन पाटीदार (रघु पाटीदार) के घर पर दबिश दी। मौके से आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने लगभग 43 किलो से अधिक केमिकल पाउडर और ड्रग्स रॉ मटेरियल जब्त किया। इनकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
बरामद सामग्री में शामिल हैं
- Melatonin, Methanol, 2-Propanol जैसे केमिकल्स
- MD ड्रग्स निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाले अन्य रसायन और पाउडर
- फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण और मशीनरी
यह कार्रवाई राजस्थान के थाना झालरापाटन से जुड़ी हुई है, जहां से प्राप्त सूचना पर मध्य प्रदेश पुलिस ने सहयोग किया। पुलिस के अनुसार, यह फैक्ट्री अंतर्राज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हुई थी और यहां से MD ड्रग्स का उत्पादन कर राजस्थान व अन्य राज्यों में सप्लाई की जा रही थी। NDPS एक्ट (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सबस्टेंस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी रघुनंदन पाटीदार की तलाश जारी है।

