सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले की मोतिहारी पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस अधीक्षक (SP) के कड़े निर्देश पर चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत रघुनाथपुर थाना पुलिस ने एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सदर डीएसपी (वन) दिलीप कुमार ने किया, जबकि धरातल पर रघुनाथपुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने त्वरित एक्शन लेते हुए इस अवैध कारखाने का पर्दाफाश किया।

इनपुट के आधार पर कार्रवाई

दरअसल पुलिस को इलाके में अवैध रूप से हथियार बनाने और उनकी सप्लाई किए जाने की सटीक इनपुट मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के आदेश पर सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के चिन्हित ठिकाने पर अचानक छापेमारी की, जिससे वहां मौजूद अपराधियों और हथियार निर्माताओं में हड़कंप मच गया।

भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार बरामद

मौके पर तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी संख्या में अर्धनिर्मित आग्नेयास्त्र (हथियार),और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई तरह के आधुनिक उपकरण और औजार बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से अवैध गतिविधियों में संलिप्त कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है।

आरोपियों से गुप्त स्थान पर पूछताछ

पकड़े गए आरोपियों से गुप्त स्थान पर पुलिस की विशेष टीम द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि इस रैकेट के मुख्य सरगना और हथियारों की सप्लाई चेन (खरीदार और सप्लायर) का पता लगाया जा सके।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-बाइक की टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत, परिजनों में कोहराम