पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। छुरा विकासखंड के ग्राम पंचायत पोंड़ में रेत के अवैध भंडारण और परिवहन का मामला सामने आया है। कुगदा बांध रोड स्थित एक निजी जमीन पर बड़ी मात्रा में रेत जमा होने और हाइवा वाहनों से परिवहन किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले में शासन को लाखों रुपये के खनिज राजस्व का नुकसान होने की आशंका जताई गई है।

इस संबंध में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा ने सवाल उठाते हुए कहा कि ग्राम पोंड़ में बड़े पैमाने पर रेत का भंडारण किसकी अनुमति से किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित कारोबारियों के पास भंडारण अनुज्ञप्ति, रॉयल्टी और परिवहन के लिए ई-ट्रांजिट पास जैसे जरूरी दस्तावेज होने की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

सिन्हा ने कहा कि खनिज संपदा के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर नियंत्रण की जिम्मेदारी खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की है। इसके बावजूद यदि क्षेत्र में लंबे समय से रेत का भंडारण और हाइवा से परिवहन हो रहा है तो संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पोंड़ में संयुक्त जांच दल भेजकर मौके पर रखी रेत की वास्तविक मात्रा का सत्यापन कराया जाए। इसके साथ ही भंडारण की अनुमति, रॉयल्टी, ई-ट्रांजिट पास, हाइवा वाहनों के दस्तावेज और अब तक किए गए परिवहन की भी जांच हो। जांच के आधार पर शासन को हुए संभावित राजस्व नुकसान का आकलन किया जाए।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि यदि जांच में अवैध भंडारण और परिवहन की पुष्टि होती है तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं, मामले में किसी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत अथवा लापरवाही सामने आने पर उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शासन की खनिज संपदा सार्वजनिक संसाधन है। इसके अवैध दोहन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
