शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के सबसे लोकप्रिय और सोशल मीडिया का जाना-माना चेहरा बन चुके डीएसपी (DSP) संतोष पटेल का आखिरकार तबादला हो गया है। उन्हें नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट से हटाकर अब राजधानी भोपाल भेजा गया है। खास बात यह है कि इस ट्रांसफर के पीछे उनकी पत्नी रोशनी पटेल की सोशल मीडिया पर की गई एक बेहद भावुक अपील को मुख्य वजह माना जा रहा है, जिसने सरकार और पुलिस विभाग का ध्यान इस ओर खींचा था।
पत्नी की सोशल मीडिया अपील बनी वजह
दरअसल, डीएसपी संतोष पटेल की पत्नी रोशनी पटेल ने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर सरकार से एक भावुक गुहार लगाई थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था- बालाघाट जैसे नक्सली क्षेत्र में नियम है कि वहां केवल एक साल ही ड्यूटी होगी, लेकिन मेरे पतिदेव को वहां ड्यूटी करते हुए 1 साल और 5 महीने से ज्यादा का वक्त हो चुका है। अभी तक ट्रांसफर की कोई सूचना नहीं आई है। अब बच्चों की पढ़ाई का समय आ गया है और स्कूल में उनका एडमिशन करवाना है। घर पर मां बीमार रहती हैं, जिनकी समय पर दवाइयां नहीं हो पाती हैं। मेरे जैसी कई पत्नियां इस इंतजार में हैं कि वे अपने परिवार के साथ रह सकें। सरकार से विनम्र निवेदन है कि जल्द से जल्द इनका ट्रांसफर करवाया जाए।
भोपाल में सेवा देने का एक नया अनुभव मिलेगा
रोशनी पटेल की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी और इसके ठीक बाद प्रशासन ने एक्शन लेते हुए डीएसपी संतोष पटेल के ट्रांसफर के आदेश जारी कर दिए। नक्सल क्षेत्र से राजधानी ट्रांसफर होने के बाद डीएसपी संतोष पटेल ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बालाघाट जिले की यादों को साझा करते हुए लिखा- “कल रात ट्रांसफर की लिस्ट आई। बालाघाट बहुत शानदार और सुंदर जिला है, जहां काम करने का अनुभव अद्भुत रहा। अब राजधानी भोपाल में सेवा देने का एक नया अनुभव मिलेगा।
अन्य जिलों में भी बदलाव की उम्मीद
इस संवेदनशील मामले के बाद पुलिस महकमे में उन अधिकारियों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं, जो तय समय सीमा से अधिक समय से कठिन क्षेत्रों में पदस्थ हैं। बहरहाल, डीएसपी संतोष पटेल के इस ट्रांसफर से उनके परिवार ने राहत की सांस ली है और उनके प्रशंसक उन्हें भोपाल में नई पारी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

