वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। लल्लूराम डॉट कॉम की खबर का असर हुआ है। शराब के नशे में स्कूल पहुंचने और आपत्तिजनक व्यवहार करने वाले शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले को लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने एक्शन लेते हुए स्कूल प्रबंधन समिति को शिक्षक को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

इसे भी पढ़ें: Viral Video: शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, 10 महीने की तनख्वाह नहीं मिलने के लिए ‘मोदी’ को ठहराया दोषी…

वायरल वीडियो से सामने आया मामला

बताया जा रहा है कि शिक्षक के विद्यालयीन समय में नशे की हालत में पहुंचने और अभद्र आचरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले की जांच में वायरल वीडियो और प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर शिक्षक के आचरण को शिक्षण संस्था की गरिमा और प्रतिष्ठा के विपरीत बताया गया है। जांच प्रतिवेदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का भी उल्लेख किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन समिति को शिक्षक के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई करने और 24 घंटे के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में यह भी चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित शिक्षक के वेतन भुगतान पर रोक लगाने की कार्रवाई की जा सकती है।

शिक्षक ने वीडियो में 10 महीने से वेतन नहीं मिलने का किया दावा

बता दें कि वीडियो वायरल में शिक्षक 10 महीने से वेतन नहीं मिलने का दावा कर रहा है। यही नहीं, वीडियो में शिक्षक पीएम मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी भी कर रहा है। वीडियो में शराब पीकर पहुंचा शख्स खुद को प्रधान पाठक बता रहा है, तो दूसरी ओर वहीं पर बैठे दूसरे शख्स बाद में अपना परिचय स्कूल के प्रधान पाठक प्रदीप कुमार पेंद्रो के तौर पर देते हैं। यही नहीं, बहेरामुड़ा स्कूल में महज दो शिक्षकों के भरोसे संचालन का दावा किया जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H