लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की अहम बैठक होगी। जिसमें कुल 27 प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। इस बैठक में आवास, स्टांप, औद्योगिक विकास, ऊर्जा, परिवहन, शिक्षा आदि विभागों के 27 से अधिक प्रस्तावों को स्वीकृति मिल सकती है। योगी सरकार घूसखोरी और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है।

कर्मचारियों के लिए अहम निर्णय

बताया जा रहा है कि बैठक में राज्य कर्मचारियों को एक कैलेंडर वर्ष में छह माह के मूल वेतन से अधिक राशि स्टाक, शेयर या अन्य निवेश में लगाने पर इसकी जानकारी देना अनिवार्य किया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना में बरेली, वाराणसी, उरई, चित्रकूट, बांदा, प्रतापगढ़, गाजीपुर व मऊ को करीब 800 करोड़ रुपये दिए जा सकते हैं।

READ MORE: यूपी में चिलचिलाती धूप! लगातार बढ़ रहा तापमान, मार्च में ही लू जैसे हालात

इसके अलावा खेलकूद विभाग की ओर से कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम को उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को दिए जाने से जुड़े अनुज्ञा-अनुबंध में संशोधन का प्रस्ताव रखा जाएगा। बैठक में परिवहन विभाग, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग संसदीय कार्य विभाग, हथकरघा उद्योग, दुग्ध विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, भू तत्व एवं खनकर्म विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, गृह, वित्त, ऊर्जा के प्रस्ताव भी पास होने की संभावना है।