Imran Khan Leave India Notice: मुंबई। बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को भारत छोड़ने के आदेश के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने केंद्र सरकार के आदेश पर अंतरिम रोक जारी रखने का फैसला किया है। इसके साथ ही अगली सुनवाई तक एक्टर के खिलाफ किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी। मामले की अगली सुनवाई 2 नवंबर को दोपहर 3 बजे होगी।
2 नवंबर तक मिली राहत
सुनवाई के दौरान अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ने अदालत से मामले को सोमवार तक टालने की अपील की। साथ ही मौखिक आश्वासन दिया कि अगली सुनवाई तक इमरान खान के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने भारत छोड़ने के नोटिस पर रोक जारी रखने का फैसला किया। फिलहाल, अगली सुनवाई तक अभिनेता को राहत मिली रहेगी।
विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से शुरू हुआ विवाद
यह मामला मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। इमरान खान भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए थे। अधिकारियों का आरोप है कि भारतीय नागरिक नहीं होने और ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) का दर्जा रखने के बावजूद उन्होंने राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जो विदेशी अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है।

इसी आधार पर विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने उन्हें भारत छोड़ने का आदेश दिया था। इस आदेश के खिलाफ इमरान खान ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया।
इमरान खान ने कार्रवाई को बताया मनमाना
हाईकोर्ट में दायर याचिका में एक्टर ने कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बिना शुरुआती जांच, कारण बताओ नोटिस या अपना पक्ष रखने का मौका दिए उन्हें 14 दिनों के भीतर भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया। उन्होंने इसे न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ बताया है।
याचिका में यह भी कहा गया कि प्रदर्शन स्थल को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित नहीं किया गया था। इमरान के मुताबिक, उन्होंने न तो किसी बैरिकेड को पार किया और न ही प्रदर्शन के दौरान किसी कानून का उल्लंघन किया।
मीडिया ने घेरा, फिर हिरासत में लेने का दावा
इमरान खान ने अपनी याचिका में दावा किया कि वह प्रदर्शन स्थल से निकलने की तैयारी कर रहे थे, तभी मीडिया के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, इस मामले में अधिकारियों की ओर से लगाए गए आरोप और एक्टर की दलीलें अदालत में विचाराधीन हैं।
King New Poster: होंठों में गुलाब, आंखों में तेवर… शाहरुख खान की ‘किंग’ का नया पोस्टर आउट
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

