लखनऊ. चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद के अलग-अलग बयान सामने आए हैं. इमरान मसूद ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुराने बयानों का हवाला दिया. वहीं, संजय निषाद ने चुनाव आयोग को स्वतंत्र एजेंसी बताते हुए कहा कि उस पर सलाह दी जा सकती है, लेकिन बयानबाजी नहीं होनी चाहिए.

इसे ब

इमरान मसूद ने आयोग की प्रक्रिया पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जो-जो बात कही थी वे सभी बातें सच साबित हो गई हैं… चुनाव आयुक्त ने चुनाव आयोग की पूरी प्रक्रिया को दूषित कर दिया है.” उन्होंने आयोग में कथित असहमति का जिक्र करते हुए सवाल उठाए.

दरअसल, चुनाव आयोग के भीतर दो चुनाव आयुक्तों की ओर से अलग-अलग मुद्दों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी, हालांकि आयोग ने कहा है कि आंतरिक टिप्पणियां और अलग-अलग विचार निर्णय प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा हैं और SIR समेत उसके फैसलों को तीनों आयुक्तों की मंजूरी मिली है.

‘बंगाल का चुनाव SIR के कारण पूरी तरह लूटा’

इमरान मसूद ने आगे कहा, “इन्होंने कहा है कि असहमति नहीं है लेकिन 3 में से दो असहमति व्यक्त कर रहे हैं और फिर भी आप वह काम कर रहे हैं. आपने बंगाल का चुनाव SIR के कारण पूरी तरह लूटा है.” उनका यह बयान SIR को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच आया है.

संजय निषाद बोले- आयोग स्वतंत्र एजेंसी

वहीं, मंत्री संजय निषाद ने चुनाव आयोग के पक्ष में कहा, “वह(चनाव आयोग) एक स्वतंत्र एजेंसी है. उस पर सलाह दी जा सकती है और कोई बयान नहीं दिया जा सकता है. सलाह यह है कि जनता को विश्वास में लेकर काम होना चाहिए. चुनाव आयोग देश और दुनिया में सबसे ज्यादा विश्वास वाली एजेंसी है…”

SIR को लेकर जारी है राजनीतिक बहस

SIR को लेकर विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में बदलाव पर सवाल उठा रहे हैं. दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने कहा है कि उसके कामकाज में अलग-अलग राय और टिप्पणियां सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं तथा उसके आदेश कानूनी प्रक्रियाओं के तहत जारी होते हैं.