West Bengal Elections Yogi Campaign. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बंगाल चुनाव के दूसरे चरण के लिए लगातार प्रचार कर रहे हैं. इसी कड़ी में वे शनिवार को बागदा विधानसभा पहुंचे. यहां उन्होंने ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा. साथ ही भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का मतलब- महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान और गरीब, कमजोर और दलित को उसका अधिकार. सभा के दौरान बड़ी संख्या में जनता मौजूद रही.

योगी ने कहा कि पहले चरण के रूझान बताते हैं कि जब 4 मई को पेटियां खुलेंगी तो बंगाल के अंदर सभी विधानसभाओं में भाजपा का भगवा लहराने वाला है. बीजेपी की डबल इंजन सरकार आने वाली है. इससे बौखलाकर टीएमसी के गुंडे किस तरह हमले कर रहे थे आपने देखा होगा. लेकिन चिंता मत कीजिए. टीएमसी के गुंडे इस बात को जानते हैं कि 4 मई के बाद उनको छुपने का कोई ठिकाना नहीं मिलने वाला है. अभी से वे अपना ठिकाना ढूंढ रहे हैं. पंचर बनाने का काम उनको कहां पर करना है इसका ठिकाना ढूंढ रहे हैं. लेकिन हम वहां से भी हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे.

इसे भी पढ़ें : UPMSSP Result 2026 : परिणाम जारी, सृष्टि दीक्षित 10वीं , रजनीश यादव ने 12वीं में मारी बाजी

सीएम ने कहा कि बागदा विधानसभा क्षेत्र के जन-जन का उत्साह इस बात का संकेत है कि पश्चिम बंगाल को TMC, कांग्रेस और कम्युनिस्टों के ‘सिंडिकेट राज’ से मुक्ति मिलने जा रही है और विकास का कमल खिलने जा रहा है. सीएम ने इसके लिए बागदा की जागरूक जनता-जनार्दन का हृदय से आभार भी जताया. योगी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि पहले चरण में बड़े पैमाने पर मतदान करके बंगाल के नौजवानों और माताओं ने यह साबित किया है कि, बंगाल की पहचान के लिए संकट बने TMC से मुक्त बंगाल का निर्माण करना है. आगे उन्होंने कहा कि सीएए के कारण आज नागरिकता भी मिल रही है और लैंड का मालिकाना अधिकार भी दिया जा रहा है. पश्चिम बंगाल की जनता अब भय और अराजकता के वातावरण से मुक्ति चाहती है.

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इसी प्रकार की गुंडागर्दी और आरजकता थी. व्यापार और उद्योग चौपट हो रहा था. ऐसे ही बंगाल के अंदर भी है. लेकिन 2017 में यूपी की जनता ने बीजेपी की सरकार बनाई. आज यूपी में उपद्रव नहीं उत्सव है. यूपी में नो कर्फ्यू नो दंगा. यहां आज सब चंगा है. बेटी की सुरक्षा पर कोई सेंध नहीं लगा सकता. व्यापारी से कोई कट मनी नहीं ले सकता. अब यूपी में रामभक्तों पर कोई लाठी और गोली नहीं चलाता है. बंगाल के अंदर ममता दीदी को जय श्री राम से बहुत नफरत है. दुर्ग पूजा नहीं होने देती. विकास के नाम पर बंगाल में लूट है. यहां सैंड माफिया, लैंड माफिया और कैटल माफिया बंगाल के लिए पहचान का संकट पैदा कर रहे हैं. बंगाल को टीएमसी, कांग्रेस और कम्यूनिस्टों ने बीमारू बना दिया है.