रणधीर परमार, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक मार्मिक खबर सामने आई है, जहां बेटे के सामने एक पिता ने दम तोड़ दिया। पिता को अचानक हार्ट अटैक आ गया, इस दौरान परेशान बेटा मदद की गुहार लगाता रहा। उसने एम्बुलेंस को कॉल भी किया, लेकिन समय पर 108 वाहन नहीं पहुंची। जिसके बाद बेटे ने पिता की जान बचाने के लिए उन्हें सीपीआर देने की कोशिश भी की, लेकिन जब तक वो अपने पिता को अस्पताल लेकर पहुंचा, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद शख्स को मृत घोषित कर दिया।
READ MORE: जादू-टोने का डर दिखाकर ठगी का खेल: ढोंगी बाबा ने शख्स से कहा- घर में मौत का साया मंडरा रहा है, और फिर…
जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम जगदीश विश्वकर्मा बताया जा रहा है, जिनकी उम्र 65 वर्ष थी। वह राजनगर थाना क्षेत्र के तालगांव के निवासी थे। वह अपने बेटे संतोष विश्वकर्मा के साथ छतरपुर आ रहे थे, तभी ग्राम बरकोहा के पास तबियत बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द होने लगा। तकलीफ ज्यादा होने के कारण बेटे ने एंबुलेंस को फोन किया। लेकिन जब काफी देर बाद भी एंबुलेंस नहीं आई तो रास्ते से जा रहे एक लोडर वाहन पर सीपीआर देते हुए बेटा अपने पिता को जिला अस्पताल लाया और रास्ते भर कहता रहा पापा आंखें खोलिए। लेकिन अपनी पिता की जान नहीं बचा पाया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

