दिल्ली में कई प्रमुख स्थानों के नाम बदलने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। राज्य सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत तीन मेट्रो स्टेशनों (Metro Station), एक चौक और एक अस्पताल (Hospital) की पहचान नए नामों के साथ की जाएगी। यह निर्णय बुधवार को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की अध्यक्षता में हुई ‘स्टेट नेम्स अथॉरिटी (SNA)’ की बैठक में लिया गया। सरकारी सूत्रों के अनुसार, नाम बदलने का उद्देश्य इन स्थानों को स्थानीय इतिहास, सांस्कृतिक पहचान और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तय किए।
फैसले के तहत कई मेट्रो स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों को नए नाम दिए जाएंगे, जिससे उनकी पहचान में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) के रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर हॉस्पिटल मेट्रो स्टेशन’ किया जाएगा ,द्वारका मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘द्वारका-काकरोला मेट्रो स्टेशन’ किया जाएगा ,रोहिणी ईस्ट मेट्रो स्टेशन, ब्रिटानिया चौक और ज्वालापुरी में बन रहे अस्पताल के नाम बदलने को भी मंजूरी दी गई है ,रोहिणी में बनने वाले नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम ‘अटल खेल परिसर’ रखने का फैसला हुआ है।
ब्रिटानिया चौक का बदलेगा नाम
राज्य सरकार ने एक बयान जारी कर बताया है कि यात्रियों की सुविधा और स्टेशन की पहचान को आसान बनाने के लिए कुछ नाम परिवर्तन किए गए हैं। इसके तहत रोहिणी ईस्ट मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर अब केवल “रोहिणी मेट्रो स्टेशन” रखा जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे यात्रियों को स्टेशन पहचानने में आसानी होगी। इसके अलावा शकूरपुर स्थित ब्रिटानिया चौक का नाम बदलकर “अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक” करने को भी मंजूरी दे दी गई है।
ज्वालापुरी अस्पताल का भी बदला गया नाम
इसी बैठक में कई अन्य नामकरण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है। इसके तहत ज्वालापुरी में निर्माणाधीन अस्पताल का नाम बदलकर “बाबा रामदेवजी महाराज हॉस्पिटल” रखने को स्वीकृति दी गई है। साथ ही रोहिणी के बेगमपुर में बन रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने को मंजूरी दी गई है। सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि इस कॉम्प्लेक्स में उनकी एक प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
SNA की बैठक में लिए गए इन निर्णयों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नामकरण प्रस्तावों का उद्देश्य केवल समाज में योगदान देने वाली महान हस्तियों को सम्मान देना ही नहीं है, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी मजबूत करना है। बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ मुख्य सचिव, शहरी विकास सचिव, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन DMRC के प्रबंध निदेशक और दिल्ली विकास प्राधिकरण DDA के निदेशक भी शामिल रहे। सरकार के अनुसार यह बैठक शहरी परियोजनाओं और सार्वजनिक स्थानों के नामकरण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर निर्णय लेने के लिए आयोजित की गई थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

