राजधानी दिल्ली में बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। नजफगढ़ के श्याम विहार फेज-2 इलाके में गुरुवार को 88 वर्षीय हरिश्चंद्र निश्चल से दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात सामने आई। बैंक से नकदी निकालकर घर लौटे बुजुर्ग के घर के गेट के पास पहुंचते ही एक युवक उनके हाथ से नकदी से भरा बैग झपटकर फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

घर के गेट पर ही बदमाश ने मारा झपट्टा

जानकारी के मुताबिक, हरिश्चंद्र निश्चल घरेलू जरूरतों के लिए बैंक से पैसे निकालकर अपने घर लौटे थे। जैसे ही वह श्याम विहार फेज-2 स्थित अपने घर के बाहर पहुंचे, एक युवक ने मौका पाकर उनके हाथ से बैग झपटा और तेजी से फरार हो गया।88 वर्षीय बुजुर्ग ने साहस दिखाते हुए आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन अधिक उम्र होने के कारण वह उसे पकड़ नहीं सके।

PCR पुलिसकर्मियों ने देखी बुजुर्ग की हालत

वारदात के बाद पास से गुजर रहे पीसीआर वाहन में तैनात पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग को किसी के पीछे जाते देखा। पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। हालांकि, तब तक आरोपी नकदी लेकर मौके से फरार हो चुका था।

CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने झपटमारी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान और उसके फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

घटना के बाद बुजुर्ग दंपती और उनके परिवार में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। परिवार का कहना है कि घर के बाहर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने राजधानी में बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

बुजुर्गों को निशाना बना रहे अपराधी

दिल्ली में बुजुर्गों से झपटमारी, चोरी और ठगी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। पुलिस के लिए ऐसी घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी अहम चुनौती बनी रहती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m