दिल्ली के रन्होला इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। सड़क पर चलते समय एक शख्स अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों से मदद की उम्मीद थी, लेकिन इसी दौरान एक राहगीर ने कथित तौर पर उसकी सहायता करने के बजाय उसका सामान चुराने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। कुछ समय बाद उस शख्स की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि जब वह शख्स सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़ा था, तभी स्कूटी पर सवार दो लोग वहां पहुंचे। स्कूटी के पीछे बैठे व्यक्ति ने पहले पीड़ित का मोबाइल फोन उठाया, संभवतः यह मानते हुए कि वह नशे में है। इसके बाद वह दोबारा मौके पर लौटा और पीड़ित की जेबें टटोलने लगा।
समय पर नहीं मिली मदद
समय पर मदद न मिलने के कारण उस व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब स्कूटी सवार दोनों आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। वहीं, मृतक की पहचान करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि उसके परिजनों को सूचना दी जा सके।
कई घंटे बाद पुलिस को सूचना मिली
सड़क पर बेसुध पड़े युवक को कई घंटों तक न तो किसी ने मदद दी और न ही पुलिस को सूचना दी गई। सुबह करीब आठ बजे इलाके के लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत दिल का दौरा या किसी अन्य मेडिकल इमरजेंसी के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मोबाइल फोन छीनकर फरार हुए दो युवकों की तलाश कर रही है। इस घटना ने समाज में इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद करें और बिना देर किए पुलिस या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।
घटना का वीडियो वायरल
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे मामले की तस्वीर साफ हुई है। वीडियो में दिखता है कि सड़क पर चलते समय अचानक शख्स बेसुध होकर जमीन पर गिर जाता है। फुटेज देखने से अंदेशा है कि उसे दिल का दौरा पड़ा या मिर्गी का दौरा आया हो। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचते हैं। स्कूटी के पीछे बैठा युवक उतरता है और गिरे हुए शख्स को देखकर उसे नशे की हालत में समझता है। मदद करने के बजाय वह पीड़ित का मोबाइल फोन उठाता है और मौके से फरार हो जाता है।
इसके बाद युवक लंबे समय तक सड़क पर पड़ा तड़पता रहा, लेकिन किसी ने उसकी सहायता नहीं की। समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने न सिर्फ कानून व्यवस्था, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और इंसानियत को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
पहले भी सामने आए हैं ऐसे मामले…
दिल्ली में इस तरह की घटनाएं यह साफ करती हैं कि सड़क पर किसी की मदद न करने और मौके का फायदा उठाने की प्रवृत्ति कोई नई बात नहीं है। पिछले साल 11 जनवरी को घिटोरनी के पास प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले विकास की मौत ने भी यही सवाल खड़े किए थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखा था कि बाइक से गिरने के बाद उसकी मदद करने के बजाय तीन लोग उसकी मोटरसाइकिल चुराने की कोशिश कर रहे थे। विडंबना यह रही कि बाद में उन्हीं तीनों का एक्सीडेंट हो गया, जबकि घायल विकास को ठंड में सड़क पर अकेला छोड़ दिया गया और उसने इलाज न मिलने की वजह से दम तोड़ दिया।
इसी तरह साल 2017 में 35 वर्षीय नरेश कुमार, जिन्हें ISBT कश्मीरी गेट के पास एक वाहन ने टक्कर मार दी थी, करीब 12 घंटे तक सड़क किनारे खून बहने की हालत में पड़े रहे। नरेश के मुताबिक, एक व्यक्ति ने उन्हें पानी तो दिया, लेकिन जाते-जाते उनका वॉलेट और 15 हजार रुपये से ज्यादा नकदी वाला बैग चुरा ले गया।
इन घटनाओं की कड़ी यह बताती है कि दिल्ली जैसे महानगर में भी कई बार इंसानियत पीछे छूट जाती है। कानून और सीसीटीवी निगरानी के बावजूद, राहगीरों की उदासीनता और मौके का फायदा उठाने की मानसिकता लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में न सिर्फ सख्त कार्रवाई जरूरी है, बल्कि आम लोगों में यह जागरूकता भी पैदा करनी होगी कि किसी आपात स्थिति में मदद करना कानूनी रूप से सुरक्षित है और नैतिक रूप से भी हमारी जिम्मेदारी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


