दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में शुक्रवार को एक ढांचे को गिराए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामला शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, भाजपा विधायक और BJP मंदिर प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कर्णैल सिंह (Karnail Singh) अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और एक निर्माणाधीन ढांचे को हटाया गया। कर्णैल सिंह ने दावा किया कि इलाके में अवैध रूप से मदरसा बनाया जा रहा था, जिसे आज गिराया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई।
भाजपा विधायक कर्णैल सिंह ने दावा किया है कि मौके के पास एक और अस्थायी ढांचा बनाया गया था, जिसे स्थानीय लोग मस्जिद बता रहे थे। अदालत की ओर से पहले ही संबंधित लोगों को जगह खाली करने के निर्देश दिए जा चुके थे। उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की है और वहां किसी भी प्रकार का निर्माण अवैध था। कर्णैल सिंह ने दावा किया कि न्यायालय के आदेश के बावजूद कथित रूप से निर्माण जारी रखा गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा, “मैं आज इनको यहां चेतावनी और निवेदन दोनों कर रहा हूं कि यह जमीन जल्द से जल्द खाली कर दें। मैं अपनी विधानसभा में किसी भी तरह का अवैध मदरसा या मस्जिद नहीं बनने दूंगा।” विधायक का दावा है कि संबंधित भूमि दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की है और वहां किए जा रहे निर्माण को लेकर पहले से अदालत के निर्देश भी मौजूद हैं।
कथित अवैध निर्माण को लेकर हुए विवाद के बाद मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की। एहतियातन पुलिस ने दोनों समूहों को अलग रखने और उन्हें एक-दूसरे से दूर हटाने के प्रयास किए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

