लोदना (धनबाद): झारखंड के धनबाद में तेज रफ्तार ट्रक का कहर देखने को मिला। झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर ऊपर कुल्ही के समीप मंगलवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक युवक और उसकी बाइक को कुछ दूर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद भागने की कोशिश में ट्रक इंदिरा चौक के पास एक गुमटी में जा घुसा।

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान लोगों का गुस्सा पुलिस पर भी फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम को मौके से पीछे खदेड़ दिया और कुछ पुलिस वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए। स्थिति बिगड़ने पर सिंदरी डीएसपी पीसी महतो समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।

ट्रक ने बाइक सवार को घसीटा, गुमटी में घुसने के बाद रुका

जानकारी के अनुसार, ऊपर कुल्ही बालू बंकर निवासी मो. जाकिर का 28 वर्षीय पुत्र जहांगीर मंगलवार देर रात बाइक से धनबाद की ओर से आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक युवक और उसकी बाइक को काफी दूर तक घसीटता ले गया। इससे जहांगीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन इंदिरा चौक के पास वाहन अनियंत्रित होकर रामजी पंडित की गुमटी में जा घुसा। टक्कर में गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि दुकानदार कुछ देर पहले ही दुकान बंद कर घर जा चुके थे। इससे एक और बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

भारी वाहनों की रफ्तार पर भड़के लोग, पुलिस को मौके से खदेड़ा

हादसे की सूचना पर झरिया पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस जब लोगों को शांत कराने पहुंची तो भीड़ का गुस्सा और भड़क गया। स्थानीय लोगों का आरोप था कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले भारी वाहनों पर पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं करती, जबकि आम नागरिकों को परेशान किया जाता है।

आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस टीम को पीछे खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ पुलिस वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए। हालात बिगड़ते देख सिंदरी डीएसपी पीसी महतो के नेतृत्व में आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।

शादी समारोह में शामिल होने मायके गई थी पत्नी, घर में मचा कोहराम

इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक जहांगीर झरिया में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। इसके अलावा वह पास की एक बैटरी दुकान में भी काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन साल का एक बेटा है।

सबसे दुखद बात यह है कि जहांगीर की पत्नी साहिन मंगलवार शाम ही अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए बेटे के साथ पश्चिम बंगाल स्थित मायके गई थी। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां जहांगीर की मौत की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।