सुबह देर तक नहीं खुला घर का दरवाजा तो परिजनों ने तोड़ा, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज; घटना से गांव में मचा हड़कंप
दुमका। झारखंड के दुमका से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेहराबांक गांव में एक ही कमरे में मां और उसकी तीन बेटियां बेहोशी की हालत में मिलीं। सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो मां और तीनों बेटियां अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं।
आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने निक्की कुमारी नाम की एक बेटी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मां रीना देवी, 11 दिन की नवजात बच्ची और दो अन्य बेटियों का इलाज जारी है।
रात में घर पर नहीं था पिता
जानकारी के मुताबिक, बेहराबांक गांव निवासी दिलीप सिंह रिंग रोड स्थित अपने लाइन होटल में रात को सो गए थे। घर में उनकी पत्नी रीना देवी और पांच बेटियां थीं। बताया जा रहा है कि 11 दिन की नवजात बच्ची की देखभाल के लिए रीना देवी दो अन्य बेटियों और नवजात के साथ एक कमरे में सोई थीं, जबकि परिवार की दो बेटियां दूसरे कमरे में सो रही थीं।
सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां मां और तीनों बेटियां बेहोश मिलीं।
एक बच्ची की मौत, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक बच्ची की मौत हो गई। मां और अन्य बच्चियों का उपचार चल रहा है।
फिलहाल मां और बच्चियों के बेहोश होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना को लेकर पुलिस की जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

