कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले में कोयला लदे ट्रक का पीछा करना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। चंदवारा थाना क्षेत्र में शनिवार को रेलवे ओवरब्रिज के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य जवान बाल-बाल बच गए।

पीछा करने के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, चंदवारा पुलिस कोयला लदे 12 चक्का ट्रक का पीछा कर रही थी। पुलिस की बोलेरो लगातार ट्रक के पीछे चल रही थी। इसी दौरान मदनगुंडी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे रेलवे ओवरब्रिज के पास ट्रक ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद बोलेरो सड़क पर पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने जवानों को निकाला बाहर

हादसे के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में मदद की। दुर्घटना में जवान राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आने की जानकारी है।

पुलिस ने कोयला लदा ट्रक किया जब्त

हादसे के बावजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कोयला लदे 12 चक्का ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक को जब्त कर थाने लाया गया है। पुलिस ट्रक चालक और कोयले से जुड़े मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।