केरलम के कोच्चि स्थित चेरानल्लूर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय स्कूटर सवार की मौत हो गई। आरोप है कि 17 वर्षीय नाबालिग ने Mercedes-Benz कार से स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि नाबालिग एक अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (Additional District Judge) का बेटा है और कार जज के नाम पर रजिस्टर्ड है।
हादसे में स्कूटर सवार की मौत
मृतक की पहचान मंजली निवासी जयबालकृष्णन के रूप में हुई है। हादसे के बाद नाबालिग को पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और लापरवाही के कारण मौत होने से संबंधित मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नाबालिग के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस ने आगे की जांच के लिए उसके ब्लड सैंपल लिए हैं।
मृतक के परिवार ने उठाए सवाल
जयबालकृष्णन की भतीजी के अनुसार, वह परिवार का गुजारा करने के लिए खाने-पीने का स्टॉल चलाते थे और हादसे के वक्त घर लौट रहे थे। उन्होंने दावा किया कि कार तेज रफ्तार में रही होगी, क्योंकि स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उस पर रखा सामान घटनास्थल के आसपास बिखरा मिला।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि नाबालिग के पिता से कम उम्र में बेटे को कार चलाने देने के बारे में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने पुलिस स्टेशन में ही अपने ओहदे की हनक दिखाते हुए बदसलूकी की। फिलहाल कोच्चि पुलिस हादसे के कारणों और नाबालिग की भूमिका की जांच कर रही है। ब्लड सैंपल की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

