दिलशाद अहमद, सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, महिला के दूसरे पति ने घुमाने के बहाने जंगल लेजाकर चरित्र के चलते उसके साथ मारपीट की और उसे अधमरे हालत में छोड़कर भाग गया। महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि उसकी एक अंगुली भी कट गई है। फिलहाल महिला का जिला चिकित्सालय सूरजपुर में इलाज जारी है।

चरित्र पर शक के चलते की मारपीट

यह पूरा मामला झिलमिली थाना क्षेत्र के बड़सरा जंगल का है। जानकारी के मुताबिक, कोरिया जिले के झलियाडांड निवासी महिला करीब 6 महीने पहले बैकुंठपुर निवासी राकेश साहू के साथ मंदिर में शादी करने के बाद रहने लगी थी। इस दौरान दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि बीते दिनों राकेश महिला को घुमाने के बहाने बड़सरा जंगल ले गया, जहां उसके चरित्र पर संदेह जताते हुए मारपीट की और उसे मृत समझकर जंगल में छोड़कर फरार हो गया।

जिला चिकित्सालय में इलाज जारी

बाद में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय सूरजपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। महिला ने अपने दूसरे पति राकेश साहू पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इस पूरे मामले में महिला का पहला पति भी अपनी बच्ची की खातिर उसके साथ खड़ा नजर आया। उसने बताया कि महिला पिछले छह महीने से लापता थी और इस संबंध में बैकुंठपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H