रोहित कश्यप, मुंगेली। छत्तीसगढ़ के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने जिले के अचानकमार क्षेत्र का दौरा कर वनांचल क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने ग्राम शिवलखार और शिवतराई पहुंचकर ग्रामीणों, पीएम जनमन हितग्राहियों और बैगा परिवारों से सीधा संवाद किया। प्रमुख सचिव के साथ कलेक्टर कुन्दन कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही।
यह भी पढ़ें : क्या आप जानते हैं? राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत के बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ दी जाती है विदाई…
ग्राम शिवलखार में प्रमुख सचिव और कलेक्टर ने जमीन पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास और आधारभूत सुविधाओं की कमी को लेकर अपनी बातें रखीं। प्रमुख सचिव ने मौके पर ही अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। पीएम आवास योजना से जुड़ी शिकायत पर भी तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने कहा गया।

अचानकमार में पर्यटन और रोजगार बढ़ाने पर जोर
शिवतराई सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने अचानकमार टाइगर रिजर्व और खुड़िया क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एटीआर क्षेत्र में होम-स्टे सुविधा शुरू करने और आदिवासी युवाओं को टूरिस्ट गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने कार्ययोजना तैयार करने कहा। प्रमुख सचिव ने कहा कि पर्यटन और कौशल विकास के जरिए स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सकता है।

पीएम जनमन और धरती आबा अभियान की समीक्षा
प्रमुख सचिव ने पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्रम और छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्कूलों की मरम्मत और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैगा परिवारों से लिया योजनाओं का फीडबैक
अचानकमार क्षेत्र में प्रमुख सचिव ने पीएम जनमन आवास हितग्राही रामसिंह बैगा से मुलाकात कर योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। हितग्राही ने बताया कि शासन की योजनाओं से उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और अब उन्हें मूलभूत सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। प्रमुख सचिव ने कहा कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।

मुन्नीबाई को सौंपी पक्के आवास की चाबी
ग्राम शिवलखार में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने पीएम जनमन योजना की हितग्राही मुन्नीबाई को नए पक्के आवास की चाबी सौंपी। हितग्राही ने पक्का घर मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान डीएफओ अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, एसडीएम अजीत पुजारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

