मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए कुंडेश्वर बीट में पदस्थ वनरक्षक अरुण कुमार अहिरवार को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। सागर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के बानपुर निवासी लकड़ी व्यापारी अरबाज खान की शिकायत पर यह कार्रवाई की।
शिकायतकर्ता अरबाज खान किसानों से लकड़ी खरीदकर बानपुर में तख्ता और कुर्सी बनाने का काम करते हैं। अरबाज खान ने लोकायुक्त सागर में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वनरक्षक अरुण कुमार अहिरवार मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश ले जाने वाली लकड़ी की अनुमति देने के एवज में उनसे हर महीने 20 हजार रुपये की मांग करते थे। पैसे न देने पर कार्रवाई करने की धमकी देते थे।
पीड़ित ने बताया कि पिछली बार भी जब उन्होंने रिश्वत नहीं दी तो उनका लकड़ी से भरा वाहन जब्त कर लिया गया था और उसे छुड़ाने के लिए 10 हजार रुपये मांगे गए थे। इस बार भी 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने टीकमगढ़ शहर के मिश्रा तिराहे (अंबेडकर चौराहा क्षेत्र) पर वनरक्षक अरुण अहिरवार को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी वनरक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।

