राकेश कथूरिया, कैथल। कैथल विधानसभा क्षेत्र के गांव शेरगढ़ में रविवार को नवनिर्मित जनरल चौपाल का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं और पगड़ी पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने चौपाल निर्माण को गांव के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस चौपाल से सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी।
गांव के सरपंच किताब सिंह ने कहा कि विधायक आदित्य सुरजेवाला कम उम्र में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों पर लगातार काम किया जा रहा है। सरपंच ने पूर्व मंत्री स्वर्गीय शमशेर सिंह सुरजेवाला और रणदीप सुरजेवाला के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि उनका लक्ष्य हर गांव और हर वार्ड तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि चौपाल केवल एक भवन नहीं बल्कि सामाजिक एकता और आपसी संवाद का केंद्र है। यहां गांव के सभी वर्गों और बिरादरी के लोग बैठकर अपने मुद्दों पर चर्चा कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि विकास किसी पार्टी या सत्ता का मोहताज नहीं होता। यह जनप्रतिनिधि की प्रतिबद्धता और जनता के प्रति जिम्मेदारी से जुड़ा विषय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विपक्ष में रहने के बावजूद कैथल हल्के में विकास कार्यों की गति प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में लगातार Development Projects पर काम किया जा रहा है। इससे पहले भी कई गांवों और शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों का उद्घाटन किया जा चुका है। इनमें जसवंती, बलवंती, खुराना, फ्रांसवाला, सांगन, दुंधरेहड़ी, जगदीशपुरा सहित कैथल शहर के कई वार्ड शामिल हैं।
कार्यक्रम में सरपंच किताब सिंह, पूर्व सरपंच सतपाल मेहला, सत्यवान शेरगढ़, पूर्व सरपंच रोहताश, प्रेम सिंह, मलकीत सिंह, बसाऊ राम, बल्लू, राजेंद्र, ओमप्रकाश, शेर सिंह, सोनू शर्मा, सुखदेव, कुलदीप, रामफल, नरेश मास्टर, संजय और सतबीर फौजी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

