शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की जनता को बिजली का झटका लगेगा। दरअसल, प्रदेश में बिजली के दाम में बढ़ोतरी की गई है। 4.80 फीसदी बिजली महंगी होगी। विद्युत नियामक आयोग ने साल 2026-27 का बिजली टैरिफ घोषित किया है। इसके साथ ही फिक्स चार्ज में भी बढ़ोतरी की गई है।
बिजली कंपनियों का दावा है कि उन्हें पिछले वित्तीय वर्ष में 6044 करोड़ का घाटा हुआ है। जिसकी भरपाई के लिए यह बढ़ोतरी की जा रही है। कंपनियों ने आयोग से इस घाटे को रिकवर करने की अनुमति मांगी थी। बिजली कंपनियों ने बिजली दरों में 10.19℅ बढ़ाने की मांग की थी। आपको बता दें कि बीते साल बिजली दरों में केवल 3.46 फीसदी की मामूली बढ़ोतरी की गई थी, जबकि कंपनियों ने तब 7.52 प्रतिशत की मांग की थी।
खंडवा में कांग्रेस ने जलाई लालटेन
कांग्रेस ने इस बढ़ोतरी को आम जनता पर बोझ बताते हुए विरोध तेज करने की बात कही है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि बीजेपी सरकार प्रदेश को पाषाण युग की ओर धकेल रही है। खंडवा की शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि पहले गैस सिलेंडर महंगे होने से लोग चूल्हे पर लौटे, फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने लोगों को साइकिल चलाने पर मजबूर कर दिया, और अब बिजली महंगी कर आम आदमी की कमर तोड़ी जा रही है।



