IND vs ENG 2nd T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 4 विकेट से हरा दिया। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ ही मेजबान टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
भारत ने बनाए 190 रन, ईशान किशन रहे टॉप स्कोरर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। भारत की ओर से ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 49 रन की पारी खेली। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 43 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 37 रनों का योगदान दिया।
इस मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया। उन्होंने 10 गेंदों पर 14 रन बनाए, जिसमें 2 शानदार छक्के शामिल रहे। हालांकि उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और वह पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर विल जैक्स का शिकार बने। इसके अलावा तिलक वर्मा 24 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि हर्षित राणा 6, शिवम दुबे 5 और अक्षर पटेल 2 रन बनाकर आउट हुए।
सैम करन ने झटके 3 विकेट

इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में सैम करन सबसे सफल रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके। वहीं जोफ्रा आर्चर, विल जैक्स और लियाम डॉसन को 1-1 सफलता मिली।
पहले ओवर में 2 विकेट गिरने के बाद इंग्लैंड की दमदार वापसी
191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में दो विकेट झटककर मेजबान टीम को बड़ा झटका दिया। पहले ओवर की समाप्ति तक इंग्लैंड का स्कोर 2 रन पर 2 विकेट था।

हालांकि इसके बाद जैकब बेथेल ने पारी को संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने नाबाद 76 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि कप्तान हैरी ब्रूक और टॉम बैंटन ने 39-39 रन का अहम योगदान दिया। इन तीनों बल्लेबाजों की बदौलत इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए 19 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अर्शदीप ने लिए 3 विकेट, फिर भी नहीं बचा सके मैच
भारत की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह सबसे सफल रहे। उन्होंने 3 विकेट हासिल किए। वहीं अक्षर पटेल, हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 विकेट मिला। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाज इंग्लैंड की वापसी को रोक नहीं सके और टीम को सीरीज में पहली हार का सामना करना पड़ा।
सीरीज में इंग्लैंड ने बनाई 1-0 की बढ़त
गौरतलब है कि इससे पहले चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला गया सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। वहीं आज मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे मुकाबले में जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20I सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला 7 जुलाई को नॉटिंघम में खेला जाएगा।
भारत और इंग्लैंड की प्लेइंग-11

भारत की प्लेइंग-11
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती
इंग्लैंड की प्लेइंग-11
फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग।
7 जुलाई (मंगलवार): तीसरा टी20, नॉटिंघम — रात 10:00 बजे
9 जुलाई (गुरुवार): चौथा टी20, ब्रिस्टल — रात 10:00 बजे
11 जुलाई (शनिवार): पांचवां टी20, साउथेम्प्टन — शाम 7:00 बजे
टी20 सीरीज के लिए भारत का स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और सूर्यांश शेडगे।
टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड का स्क्वॉड
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जॉस बटलर, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

