IND vs ENG 3rd ODI: इंग्लैंड ने तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में भारत को 27 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 50 ओवर में 3 विकेट पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर 360 रन ही बना सकी। रोहित शर्मा के शानदार शतक के बावजूद भारत लक्ष्य हासिल नहीं कर सका।

डकेट और बेथेल ने खेली तूफानी पारी

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने भारत के सामने 388 रन का लक्ष्य रखा। सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने 135 गेंदों में 141 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जैकब बेथेल ने 93 गेंदों में 91 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 192 रन की साझेदारी हुई, जिसने भारत पर दबाव बना दिया।

इसके बाद जो रूट ने नाबाद 74 और जोस बटलर ने महज 13 गेंदों में नाबाद 41 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों ने अंतिम 19 गेंदों में 63 रन जोड़कर इंग्लैंड का स्कोर 387/3 तक पहुंचाया। यह भारत के खिलाफ इंग्लैंड का अब तक का सर्वोच्च वनडे स्कोर भी है।

भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट लिए, जबकि प्रिंस यादव को 1 सफलता मिली।

रोहित का शतक, लेकिन नहीं मिली जीत

388 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 147 रन जोड़े। शुभमन गिल 84 गेंदों में 77 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित शर्मा ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की। रोहित ने 110 गेंदों में 138 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 17 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं विराट कोहली ने 60 गेंदों में 74 रन बनाए। हालांकि मध्यक्रम के लगातार विकेट गिरने से भारत जीत से दूर रह गया।

इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर और जैकब बेथेल को एक-एक विकेट मिला।

बेथेल बने प्लेयर ऑफ द मैच

इंग्लैंड की जीत में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले जैकब बेथेल को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने 91 रन की अहम पारी खेलने के साथ एक विकेट भी हासिल किया। वहीं गेंदबाजी में सैम करन के चार विकेट निर्णायक साबित हुए।

इंग्लैंड ने किया सीरीज पर कब्जा

भारत ने सीरीज का पहला वनडे छह विकेट से जीता था, जबकि दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने चार विकेट से जीत दर्ज कर बराबरी की थी। तीसरा मुकाबला 27 रन से जीतकर इंग्लैंड ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इससे पहले टी-20 सीरीज में भी इंग्लैंड ने भारत को 4-0 से हराया था।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11 (IND vs ENG 3rd ODI)

भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा

इंग्लैंड: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, आदिल रशीद

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H