IND vs IRE 2nd T20I: भारत और आयरलैंड के बीच खेली जा रही दो मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा और अंतिम मुकाबला बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब ग्राउंड (स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड) में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

भारतीय कप्तान श्रेयस ने टॉस के बाद पुष्टि की कि इस मैच में दो नए चेहरों को मौका दिया गया है। प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों को मैच से पहले टीम कैप सौंपी गई। वहीं वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में भी डेब्यू का मौका नहीं मिला, इसके लिए अब उन्हें इंग्लैंड दौरे का इंतजार करना पड़ेगा।

टी20 सीरीज के पहले मैच में 34 रन की अप्रत्याशित हार के बाद भारतीय टीम के सामने सीरीज बचाने की चुनौती है। अगर भारत यह मुकाबला जीतने में सफल रहता है तो सीरीज 1-1 की बराबरी पर समाप्त होगी, जबकि हार की स्थिति में मेजबान आयरलैंड इतिहास रचते हुए सीरीज अपने नाम कर लेगा।

बता दें कि भारत और आयरलैंड के बीच यह मुकाबला आयरलैंड के बेलफास्ट स्थित सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब ग्राउंड (स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड) में भारतीय समयानुसार शाम 6:00 बजे से खेला जाएगा। मुकाबले से पहले आइए सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब ग्राउंड की पिच रिपोर्ट, दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स पर एक नजर डालते हैं।

हेड टू हेड रिकॉर्ड में भारत का दबदबा

भारत और आयरलैंड के बीच अब तक कुल 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 8 मैच जीते हैं, जबकि आयरलैंड केवल 1 मुकाबला जीतने में सफल रहा है।

लगातार टी20 सीरीज जीतने का रिकार्ड दांव पर

इस मुकाबले में भारत के लगातार टी20 सीरीज जीतने के रिकॉर्ड पर भी नजर रहेगी। पहले मैच में मिली हार के साथ लगातार 12 टी20 सीरीज जीतने का सिलसिला टूट चुका है, ऐसे में टीम इंडिया अब कम से कम सीरीज बराबरी पर समाप्त करना चाहेगी।

बेलफास्ट की पिच रिपोर्ट

बेलफास्ट स्थित सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब ग्राउंड (स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड) में खेले जाने वाले इस मुकाबले में भी पहले मैच जैसी परिस्थितियां देखने को मिल सकती हैं। पिच पर हल्का धीमापन और अतिरिक्त उछाल रहने की संभावना है, जिससे तेज गेंदबाजों को भरपूर मदद मिलने की उम्मीद है।

मैच की पहली पारी के दौरान करीब 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में नई गेंद स्विंग और सीम मूवमेंट करेगी, जिससे शुरुआती ओवरों में सलामी बल्लेबाजों की परीक्षा होगी। बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में जोखिम भरे बड़े शॉट खेलने से बचना होगा।

इस विकेट पर सीधे (स्ट्रेट) शॉट खेलने की तुलना में स्क्वायर एरिया में रन बनाना ज्यादा आसान हो सकता है। यदि बल्लेबाज पावरप्ले में विकेट बचाकर खेलते हैं तो बाद के ओवरों में तेजी से रन बनाए जा सकते हैं। दूसरी पारी में हवाओं की रफ्तार घटकर करीब 20 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है, लेकिन तब भी तेज गेंदबाजों को मदद मिलती रहेगी। यही वजह है कि टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

मौसम की बात करें तो मुकाबले के दौरान बारिश की लगभग 15 प्रतिशत संभावना है, हालांकि फिलहाल इसके कारण पूरे मैच में किसी बड़े व्यवधान की उम्मीद नहीं है।

भारत और आयरलैंड दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव

आयरलैंड की प्लेइंग 11

टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर/कप्तान), बेंजामिन कैलिट्ज़, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जय मूंदरा, मैथ्यू हॉलार्ड

कहां देखें लाइव मुकाबला?

भारत और आयरलैंड के बीच दूसरे टी20 मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जहां हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कमेंट्री उपलब्ध रहेगी।

फ्री-टू-एयर दर्शक इस मुकाबले का आनंद डीडी स्पोर्ट्स पर भी ले सकते हैं। हालांकि मोबाइल या लैपटॉप पर मुकाबले की मुफ्त लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध नहीं होगी। जिन दर्शकों के पास एयरटेल एक्सट्रीम का सक्रिय सब्सक्रिप्शन है, वे भी अपने मोबाइल या अन्य डिवाइस पर इस मुकाबले का लाइव प्रसारण देख सकेंगे।

भारत के लिए यह मुकाबला सिर्फ सीरीज बराबर करने का नहीं, बल्कि अपनी साख बचाने का भी है। वहीं आयरलैंड लगातार दूसरी जीत दर्ज कर घरेलू मैदान पर ऐतिहासिक टी20 सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। ऐसे में बेलफास्ट में एक रोमांचक मुकाबले की पूरी उम्मीद है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H