IND vs NZ 4th T20I: भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। साल 2026 में T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह फिलहाल दूसरे नंबर पर हैं। अगर अभिषेक अगले मैच में 35 रन बना लेते हैं, तो ईशान किशन को पीछे छोड़कर पहले स्थान पर पहुंच जाएंगे।

भारतीय टीम और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का चौथा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला शुक्रवार, 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाना है। इस मैच में अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन पर नजर रहेगी। वह इस साल अब तक 1125 रन बना चुके हैं, जबकि ईशान किशन के नाम 1159 रन दर्ज हैं। दोनों के बीच 34 रन का अंतर है। ऐसे में अभिषेक को शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए 35 रन बनाने होंगे।

ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के बीच शीर्ष स्थान की जंग

साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा है। ईशान किशन फिलहाल 1159 रन के साथ पहले स्थान पर हैं। अभिषेक शर्मा 1125 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, करणबीर सिंह 895 रन के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।

साल 2026 में T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

ईशान किशन – 1159 रन

अभिषेक शर्मा – 1125 रन

करणबीर सिंह – 895 रन

संजू सैमसन – 802 रन

तिलक वर्मा – 716 रन

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में भी शानदार प्रदर्शन

अभिषेक शर्मा का बल्ला न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में भी अच्छा चला है। वह अब तक सीरीज में 169 रन बना चुके हैं और ग्लेन फिलिप्स के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। ऐसे में चौथे टी20 मुकाबले में उनके पास सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ ही साल के सबसे सफल टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज बनने का मौका भी है।

अभिषेक के टी20 इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 70 मुकाबलों की 69 पारियों में 2240 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 33.43 और स्ट्राइक रेट 196.83 है। इस दौरान उन्होंने चार शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन है।

भारतीय बल्लेबाजों की सूची में भी आगे बढ़ने का मौका

अभिषेक शर्मा के पास साल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने के अलावा भारतीय खिलाड़ियों की ऑल-टाइम टी20 इंटरनेशनल रन लिस्ट में भी एक स्थान ऊपर पहुंचने का मौका है। वह फिलहाल 2240 रन के साथ छठे नंबर पर हैं। पांचवें स्थान पर मौजूद केएल राहुल के नाम 2265 रन हैं। राहुल को पीछे छोड़ने के लिए अभिषेक को 26 रन बनाने होंगे।

T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

रोहित शर्मा – 4231 रन

विराट कोहली – 4188 रन

सूर्यकुमार यादव – 3272 रन

हार्दिक पांड्या – 2288 रन

केएल राहुल – 2265 रन

अभिषेक शर्मा – 2240 रन

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H