IND vs NZ Final Playing XI Prediction: टी20 विश्व कप 2026 आखिरी पड़ाव पर है. अब सिर्फ एक मुकाबला यानी फाइनल बाकी है, जो 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है. टीम इंडिया फाइनल में तो एंट्री कर गई है, लेकिन 2 खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन ने टीम की टेंशन बढ़ा रखी है. अब कप्तान सूर्यकुमार यादव फाइनल में एक बड़ा फैसला लेकर दोनों फ्लॉप खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखा सकते हैं. अगर ऐसा हुआ तो प्लेइंग 11 में 2 बड़े बदलाव दिखेंगे.

दरअसल, टीम इंडिया इतिहास रचने की दहलीज पर है. अगर उसने खिताब जीत लिया तो वह दुनिया की ऐसी पहली टीम बनेगी, जो लगातार दूसरी दफा टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाएगी. ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है. यह सपना पूरा करने के लिए टीम एक मजबूत प्लेइंग 11 के साथ मैदान में उतरेगी. सामने न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम है, जो सेमीफाइनल में अफ्रीका के खिलाफ 9 विकेट की बड़ी जीत के साथ फाइनल में पहुंची है. इसलिए एक भी गलती की गुंजाइश नहीं है.

टीम इंडिया टी20 विश्व कप के इतिहास में न्यूजीलैंड के खिलाफ कभी नहीं जीत पाई है. तीन मैच हुए और तीनों बार कीवियों ने बाजी मारी. यह आंकड़ा फैंस को डरा रहा है. हालांकि ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल हेड टू हेड में भारत आगे है. दोनों ही देशों के बीच कुल 30 टी20 मैच हुए हैं. टीम इंडिया ने 16 जीते, जबकि कीवियों ने 11 बार बाजी मारी. 3 मैच टाई रहे, इनमें से 2 भारतीय टीम बाद में (सुपर ओवर) में जीती और एक DLS (डकवर्थ-लुईस) मेथड की वजह से टाई पर छूटा है.

2 खिलाड़ियों की होगी छुट्टी?

टीम इंडिया जिन 2 खिलाड़ियों को प्लेइंग 11 से बाहर कर सकती है, वो अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती हैं. यह दोनों इंग्लैंड के खिलाफ हुए सेमीफाइनल में फ्लॉप रहे थे. टीम इंडिया ने मुंबई के वानखेड़े मैदान पर 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए थे. जवाब में इंग्लैंड की टीम भी 246/7 तक पहुंच चुकी थी. अभिषेक सिर्फ 9 रन बना सके थे, जबकि वरुण की जमकर पिटाई हुई थी. उन्होंने 4 ओवरों में 64 रन लुटा दिए थे. यही वजह है कि इन दोनों पर प्लेइंग 11 से बाहर होने का खतरा है.

वरुण का इस एडिशन में प्रदर्शन?

वरुण ने इस सीजन 8 मैचों में 28 ओवरों में 248 रन देकर 13 विकेट लिए हैं. इसमें उनका औसत 19.07 है और उनका 8.85 का इकॉनमी रेट रहा है. वो टीम इंडिया के लिए बेहतरीन गेंदबाजों में से एक रहे हैं. ग्रुप स्टेज के 4 मैचों में उनके 9 विकेट थे, लेकिन फिर उसके बाद आखिरी 4 मैचों में सिर्फ 5 ही विकेट मिले हैं, जबकि पिटाई भी बहुत हुई है. इसलिए उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर किया जा सकता है. अगर वरुण गए तो कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है. ऐसा इसलिए क्योंकि कुलदीप अहमदाबाद की पिच पर कारगर साबित होते हैं. वो भारत के लिए 54 मैचों में 95 विकेट ले चुके हैं.

न्यूजीलैंड के खिलाफ वरुण ने अब तक 4 टी20 मैचों में 4 विकेट लिए हैं. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उन्होंने 3 मैचों में 8 विकेट लिए हैं. इस दौरान उनका औसत 14.25 और इकॉनमी रेट 8.25 रहा है, जो उनके पक्ष में जा सकता है. अगर ऐसा हुआ तो वह प्लेइंग 11 से बाहर नहीं होंगे.

अभिषेक की जगह कौन आ सकता है?

अभिषेक शर्मा इसलिए बाहर हो सकते हैं, क्योंकि टी20 विश्व कप 2026 की 7 पारियों में 12.71 की खराब औसत से सिर्फ 89 रन बनाए हैं, जबकि वो इस वक्त टी20 के नंबर 1 बल्लेबाज हैं. उनका बल्ला खामोश रहा है. जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रनों की पारी को छोड़ दें तो हर टीम के खिलाफ वो फ्लॉप रहे. शुरुआती तीन मैचों में तो उनका खाता भी नहीं खुला था. वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफाइनल में अभिषेक शर्मा सिर्फ 9 रन बनाकर ऑफ-स्पिनर विल जैक्स की गेंद पर आउट हो गए थे.

अभिषेक की जगह किसे मिलेगा मौका?

अगर अभिषेक बाहर हुए तो रिंकू सिंह को जगह मिल सकती है, जो बेंच पर बैठे हैं. रिंकू भारत के लिए 45 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 155.74 के स्ट्राइक रेट से 665 रन बना चुके हैं. अगर वह प्लेइंग 11 में आते हैं तो फिर संजू सैमसन के साथ ईशान किशन ओपन कर सकते हैं.

भारत की टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए संभावित प्लेइंग 11

संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती / कुलदीप यादव.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H