IND-W vs PAK-W, Women’s T20 World Cup 2026: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। एजबेस्टन में खेले गए ग्रुप-ए के मुकाबले में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दबदबा दिखाया। इस जीत की सबसे बड़ी नायिका स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने चार ओवर में मात्र 10 रन देकर पांच विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दीप्ति शर्मा का यह प्रदर्शन कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। उन्होंने 10 रन देकर पांच विकेट लेकर महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रेणुका सिंह के नाम था, जिन्होंने 2023 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 15 रन देकर पांच विकेट लिए थे।

महिला टी20 विश्व कप में भारत की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन

दीप्ति शर्मा – 5/10 बनाम पाकिस्तान (2026)

रेणुका सिंह – 5/15 बनाम इंग्लैंड (2023)

प्रियंका रॉय – 5/16 बनाम पाकिस्तान (2009)

डायना डेविड – 4/12 बनाम श्रीलंका (2010)

पूनम यादव – 4/19 बनाम ऑस्ट्रेलिया (2020)

मैच के बाद दीप्ति ने कहा कि उन्हें इस तरह की पिचों पर गेंदबाजी करना पसंद है। उन्होंने अपने प्रदर्शन का श्रेय पूरी टीम को दिया और कहा कि पिच से मिल रही टर्न का फायदा उठाने के लिए उन्होंने अपनी गति में लगातार बदलाव किया। उन्होंने हनुमान जी का स्मरण करते हुए कहा कि उनकी कृपा से यह प्रदर्शन संभव हो सका।

350 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने वाली दूसरी महिला गेंदबाज बनीं

दीप्ति शर्मा ने मुकाबले में पाकिस्तान की ओपनर गुल फिरोजा को आउट कर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 350वां विकेट था। इसके साथ ही वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाली दुनिया की दूसरी गेंदबाज बन गईं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ भारत की पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के नाम दर्ज थी।

दीप्ति अब अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में 354 विकेट हासिल कर चुकी हैं और झूलन गोस्वामी के 355 विकेट के रिकॉर्ड से केवल दो विकेट पीछे हैं। ऐसे में अगले मुकाबले में ही उनके इस विश्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने की संभावना है।

महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट

355 – झूलन गोस्वामी (भारत)

354 – दीप्ति शर्मा (भारत)

335 – कैथरीन साइवर-ब्रंट (इंग्लैंड)

332 – एलिस पैरी (ऑस्ट्रेलिया)

327 – सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड)

318 – शबनीम इस्माइल (दक्षिण अफ्रीका)

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे सफल गेंदबाज बनीं

पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट हासिल करते ही दीप्ति शर्मा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज भी बन गईं। उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुथावोंग को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। दीप्ति के नाम अब 166 विकेट दर्ज हैं, जबकि थिपाचा 165 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं।

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाजों की सूची में रवांडा की हेनरीट इशिमवे तीसरे स्थान पर हैं।

महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट

166 – दीप्ति शर्मा (भारत)
165 – थिपाचा पुथावोंग (थाईलैंड)
160 – हेनरीट इशिमवे (रवांडा)
152 – मेगन शूट (ऑस्ट्रेलिया)
148 – हे कामचोम्फु (थाईलैंड)

भारत-पाकिस्तान महिला टी20 मुकाबलों में भी बनाया नया रिकॉर्ड

दीप्ति शर्मा ने भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए महिला टी20 मुकाबलों में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। पाकिस्तान के खिलाफ उनके विकेटों की संख्या अब 11 हो गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत की एकता बिष्ट और पाकिस्तान की निदा डार के नाम संयुक्त रूप से दर्ज था, जिन्होंने एक-दूसरे के खिलाफ 10-10 विकेट हासिल किए थे।

विश्व कप में भारत की पांचवीं सबसे बड़ी जीत

भारत की 64 रन की जीत पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। वहीं विश्व कप इतिहास में रनों के अंतर से यह भारतीय टीम की पांचवीं सबसे बड़ी जीत भी बन गई है।

इससे पहले भारत ने 2024 विश्व कप में श्रीलंका को 82 रन से हराया था, जो अब भी टूर्नामेंट में उसकी सबसे बड़ी जीत है। पाकिस्तान पर बड़ी जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप-ए की अंकतालिका में अपना खाता खोल लिया है। भारत के दो अंक हैं और उसका नेट रनरेट 3.200 है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया बेहतर नेट रनरेट (3.250) के कारण शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।

ग्रुप चरण में भारतीय टीम का आगामी शेड्यूल

17 जून – भारत बनाम नीदरलैंड्स, लीड्स

21 जून – भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, मैनचेस्टर

25 जून – भारत बनाम बांग्लादेश, मैनचेस्टर

28 जून – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, लंदन

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H