IND vs ZIM 1st T20I: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज की आज से शुरुआत हो रही है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। श्रेयस ने बताया कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है, जबकि तेज गेंदबाज अशोक शर्मा आज अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू कर रहे हैं।

बता दें कि यह मुकाबला जिम्बाब्वे की राजधानी हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे खेला जाएगा। दोनों टीमें जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना चाहेंगी। मुकाबले से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, प्लेइंग-11 और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

श्रेयस अय्यर के सामने जीत की चुनौती

श्रेयस अय्यर के लिए यह सीरीज काफी अहम मानी जा रही है। उनकी कप्तानी में भारत अब तक एक भी टी20 मुकाबला नहीं जीत पाया है। इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर खेले गए सात मुकाबलों में टीम इंडिया को छह मैचों में हार मिली, जबकि एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा था। ऐसे में हरारे में अय्यर जीत के साथ कप्तानी का पहला सफल अध्याय लिखना चाहेंगे।

हरारे में फिर चमक सकते हैं वैभव सूर्यवंशी

15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड दौरे पर उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। उन्होंने तीन मैचों में सिर्फ 42 रन बनाए। हालांकि हरारे का मैदान उनके लिए बेहद खास रहा है। इसी मैदान पर उन्होंने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। ऐसे में एक बार फिर उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।

भारत का रिकॉर्ड मजबूत, लेकिन जिम्बाब्वे को हल्के में नहीं ले सकता

भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 14 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 11 मैच जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे तीन बार भारत को हराने में सफल रहा है।

दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत जुलाई 2024 में हरारे में हुई थी, जहां जिम्बाब्वे ने भारत को रोमांचक मुकाबले में तीन रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। वहीं इसी साल खेले गए टी20 विश्व कप मुकाबले में भारत ने चेन्नई में जिम्बाब्वे को 72 रन से शिकस्त दी थी।

ईशान किशन शानदार फॉर्म में, बल्लेबाजी पर बड़ी जिम्मेदारी

भारतीय टीम के लिए इस साल सबसे ज्यादा रन ईशान किशन ने बनाए हैं। उन्होंने 20 टी20 मैचों में 182.73 की स्ट्राइक रेट से 667 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 103 रन रहा।

टीम इंडिया को ईशान के अलावा अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह से भी बड़ी पारियों की उम्मीद होगी।

गेंदबाजी में इस साल शिवम दुबे सबसे सफल रहे हैं। उन्होंने 13 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव भारतीय पेस अटैक की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

ब्लेसिंग मुजरबानी होंगे भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा

मेजबान जिम्बाब्वे की सबसे बड़ी ताकत उसकी तेज गेंदबाजी मानी जा रही है। टीम के पास ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा और ब्रैड इवांस जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज मौजूद हैं।

मुजरबानी ने इस साल नौ मैचों में 17 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी इकोनॉमी 7.17 रही है।

बल्लेबाजी में ब्रायन बेनेट टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 2026 में नौ मैचों में 394 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 97 रन है।

हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच रिपोर्ट

हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। हालांकि नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में हल्की स्विंग और अतिरिक्त उछाल मिल सकती है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, बल्लेबाजी आसान होती जाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान हरारे में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे पूरे 20-20 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है।

भारत और जिम्बाब्वे की प्लेइंग-11

भारत की प्लेइंग-11

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा, मयंक यादव

जिम्बाब्वे की प्लेइंग-11

ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), बेन कुरेन, डायोन मायर्स, सिकंदर रज़ा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामुरी, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी

IND vs ZIM 1st T20I कहां देखें लाइव ?

भारत और जिम्बाब्वे के बीच पहला टी20 मुकाबला Unite8 Sports Network पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। यह मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स या सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर उपलब्ध नहीं होगा। मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode ऐप और वेबसाइट पर होगी। इसके लिए दर्शकों को सब्सक्रिप्शन लेना होगा।

यदि आपके पास DD Free Dish कनेक्शन है, तो आप डीडी स्पोर्ट्स पर यह मुकाबला बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देख सकते हैं। हालांकि अन्य डीटीएच प्लेटफॉर्म पर डीडी स्पोर्ट्स के जरिए मैच उपलब्ध नहीं होगा।

भारत कागजों पर मजबूत टीम नजर आती है, लेकिन हरारे की परिस्थितियां हमेशा मेजबान टीम के पक्ष में रही हैं। जिम्बाब्वे की तेज गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकती है, जबकि भारत की युवा बल्लेबाजी पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। सीरीज के पहले मुकाबले में जो टीम दबाव को बेहतर तरीके से संभालेगी, उसके जीत की संभावना अधिक रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H