IND vs ZIM 2nd T20I: भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे के सामने 220 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 219 रन बनाए।

बता दें कि इससे पहले जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि शुरुआती सफलता मेजबान टीम को जरूर मिली, लेकिन इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली।

भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। तीसरे ओवर के भीतर ही दोनों युवा सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। अभिषेक शर्मा 8 रन और वैभव सूर्यवंशी 20 रन बनाकर आउट हुए। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने पारी को संभालते हुए टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।

श्रेयस अय्यर 25 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए 81 रन की दमदार पारी खेली। उनके आउट होने के बाद तिलक वर्मा और रिंकू सिंह ने तेजी से रन बटोरते हुए भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।

तिलक वर्मा ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए नाबाद 60 रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह 12 रन बनाकर आउट हुए। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने भी 6 रन का योगदान दिया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी, न्यूमैन न्यामुरी, ब्रैड इवांस और ब्रायन बेनेट ने एक-एक विकेट हासिल किया।

अब मुकाबला जीतने के लिए जिम्बाब्वे को 20 ओवर में 220 रन बनाने होंगे।

जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार तीसरी टी20 सीरीज जीतने का मौका

जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का टी20 सीरीज रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक पांच द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली गई हैं, जिनमें भारत ने तीन सीरीज अपने नाम की हैं। एक सीरीज ड्रॉ रही, जबकि मौजूदा सीरीज जारी है। भारतीय टीम ने सीरीज के पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। अब दूसरे मुकाबले में जीत दर्ज करते ही भारत सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर लेगा। अगर ऐसा हुआ तो भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार तीसरी टी20 सीरीज अपने नाम कर लेगी।

सीरीजमेजबानमैचपरिणाम
2009-10जिम्बाब्वे2भारत 2-0 से जीता
2015जिम्बाब्वे2सीरीज 1-1 से ड्रॉ
2016जिम्बाब्वे3भारत 2-1 से जीता
2024जिम्बाब्वे5भारत 4-1 से जीता
2026जिम्बाब्वे3सीरीज जारी (भारत 1-0 से आगे)

भारत और जिम्बाब्वे की प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग 11

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर ((कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, मयंक यादव

जिम्बाब्वे की प्लेइंग 11

ब्रायन बेनेट, बेन कुरेन, डायोन मायर्स, सिकंदर रज़ा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामुरी, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी

भारत और जिम्बाब्वे के बीच 3 टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला Unite8 Sports Network पर लाइव प्रसारित किया जा रहा है। यह मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स या सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर उपलब्ध नहीं है। मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode ऐप और वेबसाइट पर हो रही है। इसके लिए दर्शकों को सब्सक्रिप्शन लेना होगा।

यदि आपके पास DD Free Dish कनेक्शन है, तो आप डीडी स्पोर्ट्स पर यह मुकाबला बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देख सकते हैं। हालांकि अन्य डीटीएच प्लेटफॉर्म पर डीडी स्पोर्ट्स के जरिए मैच उपलब्ध नहीं होगा।

IND vs ZIM 2nd T20I कहां देखें लाइव ?

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H