रांची। स्वतंत्रता दिवस से पहले झारखंड पुलिस के लिए गौरव का पल सामने आया है। राज्य के 29 पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनकी विशिष्ट, वीरतापूर्ण और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। गृह विभाग की ओर से जारी सूची में एक ASI को राष्ट्रपति पुलिस पदक, पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक और 23 अधिकारियों-कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक देने की घोषणा की गई है। सम्मान पाने वालों में तीन IPS अधिकारी और पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
एक ASI को राष्ट्रपति पुलिस पदक
विशिष्ट सेवा के लिए जैप-1 के ASI कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पुलिस पदक दिया जाएगा।
इन 5 पुलिसकर्मियों को मिलेगा वीरता पदक
वीरता के लिए सब इंस्पेक्टर विनय कुमार, ASI प्रमोद कुमार राय, आरक्षी वेद प्रकाश महतो, आरक्षी रामचंद्र कुमार महतो और आरक्षी कृष्णा मुर्मू को पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
3 IPS समेत 23 को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में IG रेल डॉ. माईकेलराज एस, IPS अन्नेपु विजयालक्ष्मी और DIG कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा प्रमुख नाम हैं। इनके अलावा स्पेशल ब्रांच, STF, CID, वायरलेस, जैप और जिला पुलिस के कई अधिकारी-कर्मचारी भी सम्मानित होंगे।
महिला पुलिसकर्मियों का भी बढ़ा सम्मान
इस बार पदक पाने वालों में पांच महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मांती खलखो, प्रभा देवी, महिला हवलदार रंजिता कुजूर और महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया समेत अन्य महिला कर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले समारोह में पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।


