भोपाल। देशभर के साथ मध्य प्रदेश में भी आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। राजधानी भोपाल से लेकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्रियों और कलेक्टरों ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।

राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ध्वजारोहण किया और संयुक्त परेड की सलामी ली। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी निर्धारित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया।

RAPTC में कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट ने किया ध्वजारोहण

15 अगस्त के मौके पर RAPC परिसर में कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट ने झंडा वंदन किया। इस दौरान परेड का निरीक्षण कर जवानों की सलामी ली। इंदौर पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस जवानों ने शानदार परेड प्रस्तुत की। 

नगर निगम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया ध्वजारोहण 

स्वतंत्रता दिवस पर इंदौर नगर निगम परिसर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बेहतर काम करने वाले निगम कर्मचारियों को किया गया सम्मानित। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कर्मचारियों ने देशभक्ति के साथ मनाया राष्ट्रीय पर्व। 


लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया ध्वजारोहण

जबलपुर में पुलिस परेड ग्राउंड में मंत्री राकेश सिंह ने किया ध्वजारोहण, झंडा वंदन करने के बाद मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया। मंत्री राकेश सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन गौरवशाली इतिहास के बलिदानों को याद करने का है। जिन लोगों ने देश की आजादी के अपने प्राणों की आहुति दी आज हम उन्हें याद कर रहे हैं। 

ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया ध्वजारोहण

ग्वालियर में कम्पू स्थित एसएएफ मैदान में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने झंडा फहराया। ध्वजारोहण के बाद संयुक्त परेड की उन्होंने सलामी ली। एसएएफ मैदान पर परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से मनाया जा रहा आजादी का पर्व। 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया ध्वजारोहण

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्य प्रदेश संजीव कुमार झा ने आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अक्सर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आर पी सिंह जादौन, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुरभि तिवारी, राजेश यादव संजय श्रीवास्तव  वीरेंद्र सिंह सहित निर्वाचन के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

नागर सिंह चौहान ने आलीराजपुर में किया ध्वजारोहण 

कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर किया ध्वजारोहण, मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन। शांति के प्रतीक गुब्बारे उड़ाकर दिया देशभक्ति और एकता का संदेश, ली परेड की सलामी। 

नरसिंहपुर में मंत्री प्रहलाद पटेल ने किया ध्वजारोहण

नरसिंहपुर के परेड ग्राउंड में मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण मंत्री प्रहलाद पटेल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान रंगारंग कार्यक्रमो का आयोजन हुआ। राष्ट्रीय गान के साथ अमर शहीदों को याद किया गया और मुख्यमंत्री मोहन यादव के संदेश का वाचन किया गया। 

मंदसौर में  उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने किया ध्वजारोहण

मंदसौर कॉलेज ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान कलेक्टर सहित जिले के तमाम अधिकारी मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने परेड का निरीक्षण कर ली सलामी। देशभक्ति के रंग में रंगा कॉलेज ग्राउंड, समारोह में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र और स्थानीय लोग मौजूद रहे। 

खंडवा में मंत्री विजय शाह ने किया ध्वजारोहण 

खंडवा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खंडवा के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन गौड़ा और पुलिस अधीक्षक  अगम जैन भी मौजूद रहे।

जिन जिलों में मंत्रियों या अन्य निर्धारित जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी नहीं दी गई थी, वहां कलेक्टरों ने मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। इस दौरान परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति प्रस्तुतियां और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया गया। इस तरह मध्य प्रदेश के सभी जिलों में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव एक साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के माहौल में मनाया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m