रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल शनिवार को रायबरेली पहुंचीं. यहां से वह प्रतापगढ़ के लिए रवाना हुईं, जहां पार्टी संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के 17वें परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुईं. कार्यक्रम में प्रदेशभर से पार्टी कार्यकर्ताओं के पहुंचने की बात कही गई है.

रायबरेली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनुप्रिया पटेल ने विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि महागठबंधन के साथी लोकतंत्र और भीड़तंत्र के बीच का अंतर भूल चुके हैं. राजधानी दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन को उन्होंने अराजकता करार देते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति को देश की जनता स्वीकार नहीं करती.

इसे भी पढ़ें : राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनना और अखिलेश… केशव मौर्य का विपक्षी दल के नेताओं पर तीखा हमला, जानिए आखिर ऐसा क्या कहा?

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि विपक्षी दल लगातार चुनावों में हार का सामना कर रहे हैं. इसके पीछे सबसे बड़ा कारण यह है कि उनके पास न तो कोई सर्वमान्य नेता है, न स्पष्ट नीति, न नियत और न ही ठोस एजेंडा. उन्होंने आरोप लगाया कि महागठबंधन में शामिल दलों के कार्यकर्ता आपस में ही संघर्ष करते रहते हैं और उनके बीच कोई साझा विजन नहीं है.

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि बार-बार चुनाव हारने से विपक्ष हताशा में अराजकता की स्थिति तक पहुंच गया है. उन्होंने विपक्षी दलों को आत्ममंथन की सलाह देते हुए कहा कि लोकतंत्र में स्थान सड़कों पर हंगामा करने से नहीं, बल्कि जनता के मन में जगह बनाने से मिलता है. उन्होंने दावा किया कि देश की जनता का भरोसा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ है. उनके मुताबिक, पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास का अभूतपूर्व दौर देखा है और 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.