Team India Celebrates Independence Day 2026: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज शनिवार से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में हो गया। 15 अगस्त का दिन भारतीय क्रिकेट टीम के लिए उस समय और भी खास बन गया, जब श्रीलंका की धरती पर भारतीय तिरंगा लहराया गया और खिलाड़ियों ने एक साथ राष्ट्रगान गाकर देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया।
मैच शुरू होने से पहले भारतीय टीम के खिलाड़ी एक जगह एकत्र हुए। इस दौरान गॉल में तिरंगा फहराया गया। इसके बाद पूरी टीम ने मिलकर राष्ट्रगान गाया। विदेश की धरती पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारतीय खिलाड़ियों का यह देशभक्ति से भरा अंदाज बेहद खास नजर आया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है।
विदेश में भी नहीं भूले देश का गौरव
भारतीय टीम इस समय श्रीलंका के दौरे पर है, लेकिन स्वतंत्रता दिवस के मौके पर खिलाड़ियों ने देश से दूर होने के बावजूद इस खास दिन को पूरे सम्मान के साथ मनाया। तिरंगे के सामने खिलाड़ियों का राष्ट्रगान गाते हुए नजर आना भावुक कर देने वाला पल रहा।
15 अगस्त 2026 को भारत अपनी आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। इसी ऐतिहासिक दिन भारतीय टीम लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करते हुए मैदान पर उतरी। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस और टेस्ट क्रिकेट का यह संयोग भारतीय खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास बन गया।
भारत का 600वां टेस्ट मैच
गॉल टेस्ट भारतीय क्रिकेट के इतिहास में भी एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। भारतीय टीम ने इसी मुकाबले के साथ अपना 600वां टेस्ट मैच पूरा कर लिया। भारत ऐसा करने वाली दुनिया की तीसरी टीम बन गई है।
भारत से पहले इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया 600 से ज्यादा टेस्ट मैच खेल चुके हैं। इंग्लैंड अब तक 1097 टेस्ट मैच खेल चुका है और वह 1000 से अधिक टेस्ट खेलने वाला दुनिया का इकलौता देश है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के नाम 883 टेस्ट मैच दर्ज हैं।
भारत के बाद वेस्टइंडीज का नंबर आता है, जिसने अब तक 596 टेस्ट मैच खेले हैं। जल्द ही वेस्टइंडीज भी 600 टेस्ट मैच पूरे करने वाली टीमों की सूची में शामिल हो जाएगी। न्यूजीलैंड 487 टेस्ट मैचों के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर है।
शुभमन गिल संभाल रहे हैं टीम की कमान
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में है। टीम में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल जैसे अनुभवी बल्लेबाजों के साथ देवदत्त पडिक्कल को भी मौका मिला है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत संभाल रहे हैं।
भारतीय टीम में रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार और कुलदीप यादव भी शामिल हैं। तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कंधों पर है।
भारत की प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका की प्लेइंग 11
लाहिरू उदारा, निशान फर्नांडो, दिनेश चांदीमल, कामिंडू मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशर नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो।
गॉल में तिरंगे की मौजूदगी, राष्ट्रगान की गूंज और भारतीय टीम का 600वें टेस्ट में उतरना, 15 अगस्त 2026 का यह दिन भारतीय क्रिकेट के इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


