IND vs AFG T20 Series: भारतीय क्रिकेट टीम के सितंबर दौरे को लेकर तस्वीर अब काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। सीरीज के तीनों मुकाबले सितंबर में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
खास बात यह है कि जिस समय भारत और अफगानिस्तान की टी20 सीरीज प्रस्तावित है, उसी दौरान टीम इंडिया के बांग्लादेश दौरे की भी चर्चा थी। ऐसे में भारत के अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबलों का कार्यक्रम सामने आने के बाद भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
13 सितंबर से शुरू होगी भारत-अफगानिस्तान सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टी20 मैच 15 सितंबर और तीसरा एवं आखिरी मुकाबला 17 सितंबर को होगा।
सीरीज के तीनों मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, इसकी मेजबानी भारत के नाम नहीं है। अफगानिस्तान ने भारत को अपना होम ग्राउंड बनाया हुआ है और इसी वजह से अफगानिस्तान इस सीरीज का मेजबान होगा।
सीरीज की तारीखों के ऐलान के साथ ही इसके आयोजन की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
सितंबर में प्रस्तावित था भारत का बांग्लादेश दौरा
भारत को सितंबर की शुरुआत में बांग्लादेश का दौरा करना था। हालांकि, इस दौरे की आधिकारिक तारीखों का ऐलान नहीं हुआ था। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक भारत और बांग्लादेश के बीच पहले तीन वनडे और उसके बाद तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाने थे।
माना जा रहा था कि यह सीरीज 1 सितंबर से 13 सितंबर के आसपास आयोजित हो सकती है। लेकिन अब 13 सितंबर से ही भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज शुरू होने के कारण बांग्लादेश दौरे की संभावना और कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है।
बांग्लादेश दौरे को लेकर अब तक BCCI की ओर से कोई स्पष्ट अपडेट नहीं
भारत-बांग्लादेश सीरीज को लेकर अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। यदि सितंबर की शुरुआत में यह दौरा होना था, तो इस समय तक इसके कार्यक्रम की घोषणा हो जाने की उम्मीद थी।
दूसरी ओर, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड लगातार इस सीरीज को लेकर प्रयास करता रहा है। हालांकि, अब तक दौरे को लेकर कोई ठोस घोषणा सामने नहीं आई है।
भारत और बांग्लादेश के बीच यह सीरीज पहले भी टल चुकी है। ऐसे में एक बार फिर इसके आगे खिसकने की संभावना जताई जा रही है।
टी20 विश्व कप के बाद दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों में आई थी तल्खी
भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में पिछले कुछ समय से तल्खी की चर्चा रही है। इसकी एक बड़ी वजह टी20 विश्व कप 2026 से जुड़ा विवाद रहा। बांग्लादेश ने भारत में अपने मैच खेलने पर आपत्ति जताई थी और भारत आकर मुकाबले खेलने से इनकार कर दिया था।
बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से बांग्लादेश को भारत में खेलने के लिए मनाने की कोशिशें की गईं, लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपने रुख पर कायम रहा। इसके बाद बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, दोनों देशों के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय सीरीज को लेकर अंतिम फैसला और आधिकारिक कार्यक्रम का इंतजार अभी भी बना हुआ है।
भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज का पूरा कार्यक्रम
- पहला टी20: 13 सितंबर 2026
- दूसरा टी20: 15 सितंबर 2026
- तीसरा टी20: 17 सितंबर 2026
- स्थान: अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
भारत-अफगानिस्तान सीरीज के कार्यक्रम के सामने आने के बाद अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर BCCI के अगले ऐलान पर है। खास तौर पर यह देखना अहम होगा कि सितंबर में प्रस्तावित भारत-बांग्लादेश दौरे को लेकर बोर्ड क्या आधिकारिक फैसला करता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


