भारत की पहली बुलेट ट्रेन (India’s First Bullet Train) परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर निर्माण कार्य जारी है। इस रूट पर पहली बुलेट ट्रेन सेवा 2027 की आखिरी तिमाही में शुरू होने की उम्मीद है।
मुंबई में 100 फीट नीचे बनेगा बुलेट ट्रेन स्टेशन
मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में देश का पहला बुलेट ट्रेन अंडरग्राउंड स्टेशन बनाया जा रहा है। यह स्टेशन जमीन से करीब 32 मीटर यानी 100 फीट नीचे होगा। यहां प्लेटफॉर्म, कॉन्कोर्स और सर्विस एरिया समेत तीन स्तर तैयार किए जा रहे हैं। स्टेशन पर छह प्लेटफॉर्म होंगे, जिनमें प्रत्येक की लंबाई 400 मीटर से अधिक होगी।
समुद्र के नीचे 7 किलोमीटर लंबी सुरंग
बुलेट ट्रेन परियोजना की सबसे बड़ी खासियत ठाणे क्रीक के नीचे बनने वाली 7 किलोमीटर लंबी अंडरसी रेल टनल है। यह सुरंग महाराष्ट्र में लगभग 21 किलोमीटर लंबे टनल सेक्शन का हिस्सा होगी। इसके निर्माण के लिए अत्याधुनिक टनल बोरिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

मुंबई से अहमदाबाद तक हाई स्पीड सफर
रेल मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर परियोजना की प्रगति साझा करते हुए कहा कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन अब केवल घोषणा नहीं, बल्कि तेजी से आकार लेता निर्माण प्रोजेक्ट है। इसके शुरू होने से मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा अधिक तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

