ICC Women’s T20 World Cup 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बावजूद भारतीय टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं। ग्रुप-ए में सेमीफाइनल की जंग बेहद रोमांचक हो गई है, जहां ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश तीनों टीमें 4-4 अंकों के साथ दौड़ में बनी हुई हैं। ऐसे में आगामी मुकाबलों के नतीजों के साथ-साथ नेट रन रेट भी अंतिम चार का टिकट तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलने के बाद भारतीय टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट की शुरुआत पाकिस्तान और नीदरलैंड्स पर बड़ी जीत के साथ की थी, जिसके चलते उसका नेट रन रेट +2.511 है। यही मजबूत नेट रन रेट आगे चलकर भारत के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकता है।

भारत के अब ग्रुप चरण में दो मुकाबले बाकी हैं। यदि भारतीय टीम बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया दोनों के खिलाफ जीत दर्ज कर लेती है, तो उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना लगभग तय हो जाएगी। हालांकि यदि इन दो मैचों में से किसी एक में भी हार मिलती है, तो टीम को अन्य मुकाबलों के परिणाम और नेट रन रेट के समीकरणों पर निर्भर रहना पड़ सकता है।

साउथ अफ्रीका के पास वापसी का सुनहरा मौका

साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के साथ की थी, जिससे उसका नेट रन रेट प्रभावित हुआ। इसके बाद टीम ने पाकिस्तान और भारत को हराकर खुद को सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूती से बनाए रखा है। हालांकि उसका नेट रन रेट अभी भी नकारात्मक (-0.546) है, जो उसके लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

अफ्रीकी टीम को अपने शेष दोनों मुकाबलों में बांग्लादेश और नीदरलैंड्स जैसी अपेक्षाकृत कमजोर टीमों का सामना करना है। ऐसे में वह बड़े अंतर से जीत दर्ज कर नेट रन रेट में सुधार करने की कोशिश करेगी, जिससे भारत पर दबाव बढ़ सकता है।

बांग्लादेश की बढ़ी मुशकिलें

बांग्लादेश ने नीदरलैंड्स को हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 विकेट की हार ने उसके नेट रन रेट को भारी नुकसान पहुंचाया। पाकिस्तान पर जीत के बाद टीम की उम्मीदें अभी जीवित हैं, लेकिन तीनों दावेदारों में उसकी स्थिति सबसे कमजोर मानी जा रही है।

बांग्लादेश को अपने बाकी दोनों मुकाबलों में भारत और साउथ अफ्रीका का सामना करना है। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए उसे सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज कर नेट रन रेट में भी सुधार करना होगा।

ऑस्ट्रेलिया सबसे मजबूत स्थिति में

ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया अब तक सबसे प्रभावशाली टीम साबित हुई है। टीम ने अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीते हैं और उसका नेट रन रेट +4.391 है। छह अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार नजर आ रही है।

वहीं पाकिस्तान और नीदरलैंड्स की टीमों को लगातार तीन हार मिली हैं और दोनों टीमों का सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग नामुमकिन दिखाई दे रहा है।

ग्रुप-ए अंक तालिका

टीममैचजीतहारअंकनेट रन रेट
ऑस्ट्रेलिया3306+4.391
भारत3214+2.511
साउथ अफ्रीका3214-0.546
बांग्लादेश3214-0.641
पाकिस्तान3030-1.857
नीदरलैंड्स3030-3.384

ग्रुप-बी में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज का दबदबा

ग्रुप-बी में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने लगातार तीन-तीन जीत के साथ सेमीफाइनल की दावेदारी मजबूत कर ली है। दोनों टीमों के 6-6 अंक हैं और वे अंक तालिका में शीर्ष दो स्थानों पर काबिज हैं।

वहीं न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड और श्रीलंका के पास 2-2 अंक हैं, जिससे सेमीफाइनल की दौड़ अभी पूरी तरह खुली हुई है। हालांकि इन तीनों टीमों को आगे के मुकाबलों में जीत के साथ-साथ बेहतर नेट रन रेट की भी जरूरत होगी।

आयरलैंड को अपने शुरुआती तीनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है और वह बिना अंक के तालिका में अंतिम स्थान पर है। ऐसे में उसके लिए अंतिम चार में पहुंचने की राह लगभग बंद होती नजर आ रही है।

ग्रुप-बी से फिलहाल इंग्लैंड और वेस्टइंडीज सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं, लेकिन बाकी मुकाबलों के नतीजे सेमीफाइनल की तस्वीर बदल सकते हैं।

ग्रुप-बी अंक तालिका

स्थानटीममैचजीतहारअंकनेट रन रेट
1इंग्लैंड3306+2.490
2वेस्टइंडीज3306+0.644
3न्यूजीलैंड3122-0.063
4स्कॉटलैंड3122-0.083
5श्रीलंका3122-1.913
6आयरलैंड3030-1.054

महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण के आखिरी मुकाबलों के साथ सेमीफाइनल की तस्वीर और भी साफ होगी। फिलहाल भारत की किस्मत उसके अपने प्रदर्शन के साथ-साथ नेट रन रेट और अन्य टीमों के नतीजों पर भी टिकी हुई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H