सोनीपत। हरियाणा के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद से चलकर सोनीपत रेलवे स्टेशन पहुंची। स्टेशन पर ट्रेन का शंखध्वनि, फूलों की वर्षा और जोरदार स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के सोनीपत पहुंचते ही रेलवे स्टेशन उत्सव के माहौल में बदल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। लोगों ने फूल बरसाकर और जयघोष के साथ ट्रेन का स्वागत किया।
इस दौरान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक दुनिया के केवल चार देशों में हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन हो रहा था और अब भारत भी इस सूची में शामिल हो गया है। उन्होंने बताया कि जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली इस ट्रेन का किराया आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 5 रुपये से 25 रुपये तक रखा गया है।
मंत्री ने ग्रामीण विकास को लेकर भी अहम घोषणा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ चर्चा के बाद पहले चरण में प्रदेश के 7 हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ट्रैक्टर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा प्रत्येक गांव में एक सफाई कर्मचारी की व्यवस्था की जाएगी और ग्राम पंचायतों को सफाई कार्यों के लिए 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा खेलों के क्षेत्र में भी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है।
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का सोनीपत पहुंचना न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन की दिशा में यह पहल भारत की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
- ठेकेदारों का हल्लाबोल: दो साल से लंबित भुगतान को लेकर विधानसभा घेराव करने निकले, अर्धनग्न प्रदर्शन कर खींचा सरकार का ध्यान
- भिवानी में दिखा शक्ति प्रदर्शन, मेडिकल कॉलेज के लिए उमड़ा जनसैलाब
- कांग्रेस में बगावत! प्रदेश नेतृत्व पर विधायक ने लगाए गंभीर आरोप, पार्टी छोड़ने तक की दी चेतावनी
- जदयू नेता सुमरीक हत्याकांड में राजद के पूर्व MLA रंजीत यादव बरी, सजा के दौरान हुई थी मां की मौत
- जन सुराज का बीजेपी पर बड़ा हमला, आचार संहिता उल्लंघन की चुनाव आयोग से की शिकायत

