कुंदन कुमार, पटना। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट 7.8% रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने इसे एक असाधारण उपलब्धि बताया है। साथ ही उन्होंने इस मौके पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए देशवासियों को बधाई दी है। भारत की GDP ग्रोथ 7.8% होने पर बिहार के नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी है।
देश के लिए यह गर्व की बात- शिला मंडल
जदयू नेत्री और बिहार सरकार में मंत्री शिला मंडल ने भारत की GDP ग्रोथ 7.8% होने पर कहा कि, देश की जीडीपी 7 से भी पार हो गई है। ये देश के लिए गर्व की बात है। विपक्षी पार्टी के लोग कुछ भी कहें, लेकिन हमारे पीएम मोदी ने देश के लिए वो कर दिखाया है, जो पहले कभी नहीं हुआ था।
आरक्षण मुद्दे पर कही ये बात
वहीं, उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर भी शिला मंडल ने बड़ा बयान दिया और कहा कि, हमारे नेता नीतीश कुमार आरक्षण के पक्षधर रहे हैं। यही कारण रहा कि पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को आगे बढ़ाया। सरकारी नौकरी में भी आरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि, निश्चित तौर पर इससे समाज के ऐसे लोग आगे बढ़ते हैं, जो अंतिम पंक्ति में हैं। बिहार को तो नीतीश कुमार ने ऐसा राज्य बनाया जहां इंजीनियर की पढ़ाई मात्र 10 रूपये की फीस में और पोलिटेक्निक की पढ़ाई के 1 रूपये में होती है।
GDP ग्रोथ पर लखेंद्र पासवान का बयान
वहीं, चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी आर से विधायक और बिहार सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान से पत्रकारों ने आरक्षण मुद्दे पर उनकी राय जाननी चाही तो उन्होंने कहा कि, आज आरक्षण पर बात करने का समय नहीं है। आज देश की जीडीपी पर बात कीजिए। आज भारत का ग्रोथ रेट 7.8% तक चला गया है। जहां, विश्व में जगह-जगह युद्ध हो रहा है। वही देश को पीएम मोदी कहां से कहां ले गए। कितना विकास दर बढ़ा है। ये देखिए।
आरक्षण को कोई हटा नहीं सकता- लखेंद्र पासवान
वहीं, आरक्षण के मुद्दे पर लखेंद्र पासवान ने कहा कि, आरक्षण को लेकर जो कुछ हमारे बड़े नेताओं के द्वारा कहा जा रहा है, उसका अभी समय नहीं है। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी सबका साथ सबका विकास के नारे के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसको आरक्षण मिला है। उसे कोई हटा नहीं सकता। गरीबों को मुख्य धारा में जोड़ने के लिए ये आरक्षण दिया गया है। आज समय है विकसित बिहार कैसे बने ये सोचने का।
ये भी पढ़ें- ‘सिंगापुर से आरक्षण पर ज्ञान देना आसान, लेकिन…’, दीपा मांझी ने रोहिणी आचार्य पर कसा तंज



