कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति को लेकर की गई टिप्पणी पर विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और इटली के बीच बेहद गहरे और मजबूत संबंध हैं। उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को सम्मानजनक दायरे में रखने की जरूरत पर भी जोर दिया।
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
मीडिया ब्रीफिंग के दौरान रणधीर जायसवाल से राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि भारत के इटली के साथ गहरे और मजबूत संबंध हैं और भारत इन रिश्तों को भविष्य में और मजबूत करना चाहता है।
उन्होंने कहा कि दो देशों के बीच मित्रता और संबंधों को हमेशा सम्मानपूर्ण दायरे में रखना जरूरी है। विदेश मंत्रालय का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राहुल गांधी की प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति पर की गई टिप्पणी को लेकर राजनीतिक बहस तेज है।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर किया था कटाक्ष
दरअसल, राहुल गांधी ने कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित रचनात्मक कांग्रेस प्रकोष्ठ अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें लगता है कि “गले लगाना ही विदेश नीति है।”
अपनी बात को मजाकिया अंदाज में आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी ने पास खड़े कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगा लिया। इसी दौरान संदीप दीक्षित ने मजाक में कहा कि उन्होंने मेलोनी समझकर तो गले नहीं लगाया। इस पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया। राहुल गांधी ने इसके बाद कहा कि गले लगाने वाली बात उनके दिमाग में किसने डाली और यह कहां से आई, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
राजनाथ सिंह ने भी जताई नाराजगी
राहुल गांधी की टिप्पणी पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति को लेकर इस तरह की टिप्पणियां बेहद निचले स्तर की और निंदनीय हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति राहुल गांधी की चाहे जो भी राजनीतिक निराशा हो, लेकिन विदेश नीति जैसे महत्वपूर्ण विषय पर इस तरह की अभद्र टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।
भारत-इटली संबंधों पर जोर
विदेश मंत्रालय के बयान से स्पष्ट है कि सरकार भारत-इटली संबंधों को रणनीतिक और मैत्रीपूर्ण नजरिए से देखती है। मंत्रालय ने संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच संबंधों को राजनीतिक बयानबाजी से अलग रखते हुए सम्मान और आपसी सहयोग के आधार पर आगे बढ़ाना महत्वपूर्ण है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


