भारत अपनी परमाणु ताकत को तेजी से आधुनिक बना रहा है। अमेरिकी थिंक टैंक Federation of American Scientists (FAS) की नई रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के पास फिलहाल करीब 190 परमाणु हथियार हैं और उपलब्ध हथियार-ग्रेड प्लूटोनियम के आधार पर आने वाले वर्षों में लगभग 225 अतिरिक्त वॉरहेड बनाए जा सकते हैं।

730 किलो प्लूटोनियम से बढ़ेगी परमाणु क्षमता

FAS के अनुमान के अनुसार, 2026 की शुरुआत तक भारत के पास करीब 730 किलो हथियार-ग्रेड प्लूटोनियम था। हालांकि, रिपोर्ट स्पष्ट करती है कि इससे बनाए जा सकने वाले वास्तविक वॉरहेड की संख्या उनके डिजाइन और रणनीतिक रिजर्व पर निर्भर करेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा 190 हथियारों में 160 से अधिक वॉरहेड मौजूदा मिसाइल प्रणालियों के लिए हैं, जबकि बाकी को भविष्य की जरूरतों के लिए रिजर्व में रखा गया है।

अग्नि-V में MIRV तकनीक से बढ़ी क्षमता

भारत अग्नि-V मिसाइल में MIRV यानी Multiple Independently Targetable Reentry Vehicle तकनीक विकसित कर रहा है। इस तकनीक के जरिए एक मिसाइल कई स्वतंत्र रूप से निर्देशित परमाणु वॉरहेड ले जा सकती है। FAS का अनुमान है कि अग्नि-V संभवतः तीन वॉरहेड ले जाने में सक्षम हो सकती है, हालांकि अतिरिक्त पेलोड से मिसाइल की अधिकतम रेंज प्रभावित हो सकती है।

PFBR से प्लूटोनियम उत्पादन की संभावना

अप्रैल 2026 में भारत के 500 मेगावाट प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर (PFBR) ने क्रिटिकलिटी हासिल की। FAS के मुताबिक, 80% क्षमता पर संचालन की स्थिति में यह सैद्धांतिक रूप से सालाना करीब 140 किलो प्लूटोनियम-239 पैदा कर सकता है।

समुद्र में भी मजबूत हो रहा ‘न्यूक्लियर कवच’

भारत अपनी न्यूक्लियर ट्रायड को मजबूत करने पर भी जोर दे रहा है। FAS के अनुसार, INS अरिहंत और INS अरिघात के बाद नई परमाणु-संचालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियों से भारत की समुद्री परमाणु क्षमता और मजबूत होगी। इससे जमीन, हवा और समुद्र—तीनों माध्यमों से परमाणु प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने की भारत की रणनीति को मजबूती मिलेगी।

देशों और उनके परमाणु हथियारों की अनुमानित संख्या

  • रूस: लगभग 5,420
  • संयुक्त राज्य अमेरिका: लगभग 5,042
  • चीन: लगभग 620
  • फ्रांस: लगभग 370
  • यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन): लगभग 225
  • भारत: लगभग 190
  • पाकिस्तान: लगभग 170
  • इज़राइल: लगभग 90
  • उत्तर कोरिया: लगभग 60 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m