IND-W vs ENG-W Test: क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर 10 जुलाई से एक नया इतिहास लिखा जाएगा। भारत और इंग्लैंड की महिला टीमें पहली बार इस प्रतिष्ठित मैदान पर टेस्ट क्रिकेट खेलती नजर आएंगी। यह मुकाबला केवल दो मजबूत टीमों के बीच नहीं होगा, बल्कि महिला क्रिकेट के इतिहास में भी एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ देगा, क्योंकि अब तक लॉर्ड्स ने कभी किसी महिला टेस्ट मैच की मेजबानी नहीं की है।
पहली बार लॉर्ड्स में होगा महिला टेस्ट

इंग्लैंड की मेजबानी में होने वाला यह चार दिवसीय टेस्ट कई मायनों में खास है। इंग्लैंड की महिला टीम अपने टेस्ट इतिहास का 103वां मुकाबला खेलेगी, जबकि भारतीय महिला टीम के लिए यह 43वां टेस्ट मैच होगा।
लॉर्ड्स के मैदान पर अब तक पुरुष क्रिकेट के 150 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं, लेकिन महिला टेस्ट क्रिकेट को पहली बार इस ऐतिहासिक मैदान पर खेलने का अवसर मिलेगा। महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे अधिक 9 टेस्ट मैच वॉर्सेस्टर के न्यू रोड मैदान पर खेले गए हैं। इसके अलावा द ओवल में 6, जबकि टॉनटन के काउंटी ग्राउंड और स्कारबोरो के नॉर्थ मरीन रोड ग्राउंड पर 5-5 महिला टेस्ट मुकाबले आयोजित किए जा चुके हैं।
भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और इंग्लैंड की महिला टीमें अब तक टेस्ट क्रिकेट में 15 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इन मुकाबलों में भारतीय टीम ने 3 जीत दर्ज की हैं, जबकि इंग्लैंड को सिर्फ एक बार सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 11 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।

ऐसे में हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम के पास टी20 वर्ल्ड कप 2026 के निराशाजनक अभियान को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड की धरती पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने का सुनहरा अवसर होगा। वहीं मेजबान इंग्लैंड अपने घरेलू मैदान पर पहली जीत हासिल कर इस मुकाबले को यादगार बनाना चाहेगा।
कब, कहां और कैसे देखें मुकाबला
भारत और इंग्लैंड के बीच यह ऐतिहासिक महिला टेस्ट मैच 10 जुलाई से 13 जुलाई तक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे होगी।
मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। दर्शक सोनी स्पोर्ट्स 1 और सोनी स्पोर्ट्स 2 चैनलों पर लाइव टेलीकास्ट देख सकेंगे। वहीं ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए सोनी लिव पर मुकाबले का लाइव प्रसारण उपलब्ध रहेगा।
इंग्लैंड की टीम
नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, माइया बाउचियर, एलिस कैप्सी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, एमी जोन्स (विकेटकीपर), हीथर नाइट, एम्मा लैंब, ग्रेस पॉट्स, ऐली थ्रेलकेल्ड, मैडी विलियर्स और ईसी वोंग।
भारत की टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), श्री चरणी, हरलीन देयोल, क्रांति गौड़, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, प्रिया पूनिया, जेमिमा रोड्रिग्स, सयाली सतघरे, दीप्ति शर्मा, नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह और शैफाली वर्मा।
अब सभी की निगाहें लॉर्ड्स पर टिकी होंगी, जहां पहली बार महिला टेस्ट क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला केवल जीत-हार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव और उसकी नई पहचान का भी प्रतीक बनेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

