India vs Sri Lanka ODI Series 2026: भारत और श्रीलंका के बीच दिसंबर में होने वाली वनडे सीरीज के पहले मुकाबले के वेन्यू में बदलाव किया गया है। 13 दिसंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाने वाला पहला वनडे अब दूसरे शहर में आयोजित होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) की मांग के बाद यह फैसला लिया गया है। खराब मौसम की आशंका और स्टेडियम में चल रहे नवीनीकरण कार्य को वेन्यू बदलने की प्रमुख वजह बताया गया है।

दिल्ली की जगह अब इस शहर में खेला जाएगा पहला वनडे
भारत और श्रीलंका के बीच 13 से 19 दिसंबर 2026 तक तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। पहले इस सीरीज का पहला मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में प्रस्तावित था। हालांकि, DDCA ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए BCCI से मैच को दिल्ली से बाहर आयोजित कराने का अनुरोध किया था।

DDCA की मांग पर विचार करने के बाद BCCI ने पहले वनडे को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में कराने का फैसला किया है। इससे पहले मैच के वेन्यू को अहमदाबाद शिफ्ट किए जाने की अटकलें भी सामने आई थीं। हालांकि, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने उस समय अहमदाबाद में मैच होने की खबरों को गलत बताया था। अब बोर्ड ने विशाखापट्टनम को नए वेन्यू के रूप में आधिकारिक तौर पर तय कर दिया है।
अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहा है नवीनीकरण का काम

दिल्ली में मैच शिफ्ट होने की एक बड़ी वजह अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहा नवीनीकरण कार्य भी है। स्टेडियम की पिच और मैदान को बेहतर बनाने के लिए काम किया जा रहा है। इसके तहत मैदान की मिट्टी पर रेत बिछाकर नई सतह तैयार की जा रही है। बताया गया है कि यह काम अगले तीन महीनों तक जारी रह सकता है।
इसके अलावा दिसंबर के दौरान दिल्ली में खराब मौसम और प्रदूषण की स्थिति को लेकर भी चिंताएं जताई गई थीं। ऐसे में DDCA नहीं चाहता था कि मैच के आयोजन में किसी तरह की परेशानी आए। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए बोर्ड से मुकाबला दूसरे शहर में कराने की अपील की गई थी।
2024 में श्रीलंका ने भारत को वनडे सीरीज में दी थी शिकस्त
भारत और श्रीलंका के बीच पिछली वनडे सीरीज अगस्त 2024 में खेली गई थी। तीन मैचों की इस सीरीज में श्रीलंकाई टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की थी।
सीरीज का पहला मुकाबला टाई रहा था, जबकि दूसरे और तीसरे वनडे में श्रीलंका ने जीत हासिल की थी। अब दिसंबर 2026 में दोनों टीमें एक बार फिर वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम की कोशिश पिछली सीरीज की हार का बदला लेने और घरेलू मैदान पर जीत दर्ज करने की होगी।
भारत बनाम श्रीलंका वनडे और टी20 सीरीज का पूरा शेड्यूल
भारत और श्रीलंका के बीच दिसंबर में तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाएंगे। वनडे सीरीज की शुरुआत 13 दिसंबर को विशाखापत्तनम से होगी। इसके बाद दोनों टीमें टी20 सीरीज में भिड़ेंगी।
वनडे सीरीज
पहला वनडे: 13 दिसंबर 2026 – विशाखापट्टनम
दूसरा वनडे: 16 दिसंबर 2026 – बेंगलुरु
तीसरा वनडे: 19 दिसंबर 2026 – अहमदाबाद
टी20 इंटरनेशनल सीरीज
पहला टी20: 22 दिसंबर 2026 – राजकोट
दूसरा टी20: 24 दिसंबर 2026 – कटक
तीसरा टी20: 27 दिसंबर 2026 – पुणे
टी20 सीरीज के सभी मुकाबले शाम 7 बजे से खेले जाएंगे। अब देखना होगा कि घरेलू मैदान पर भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ किस तरह का प्रदर्शन करती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

