SL vs IND 1st Test Day-2: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट के दूसरे दिन लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण अब तक खेल शुरू नहीं हो सका है। सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ है। बारिश कुछ देर के लिए थमी तो ग्राउंड स्टाफ ने मैदान से कवर्स हटाने की कोशिश की, लेकिन दोबारा बारिश शुरू होने के कारण मैदान को फिर से कवर्स से ढकना पड़ा।

बारिश के चलते दूसरे दिन का पहला सेशन पूरी तरह धुल गया। हालात में सुधार नहीं होने के कारण लंच भी तय समय से पहले लेना पड़ा। इसके बाद दूसरे सेशन में भी बादल लौट आए और एक बार फिर मैदान को कवर्स से ढक दिया गया। ऐसे में खिलाड़ियों और दर्शकों को खेल शुरू होने का इंतजार करना पड़ा।

भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 288 रन बनाए थे। टीम इंडिया के लिए देवदत्त पडिक्कल 131 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि ऋषभ पंत 27 रन पर उनका साथ दे रहे हैं। भारत के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।

पडिक्कल ने मौके को बनाया यादगार

टीम इंडिया में चोटिल साई सुदर्शन की जगह वापसी करने वाले देवदत्त पडिक्कल ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया और अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। दिन का खेल खत्म होने तक पडिक्कल 131 रन बनाकर नाबाद थे।

पडिक्कल ने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 150 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। राहुल 77 रन के निजी स्कोर पर ऐंठन की समस्या के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। हालांकि, भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने बताया कि राहुल को केवल ऐंठन हुई थी और उनके ठीक रहने पर वह आगे बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं।

पंत के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका

ऋषभ पंत के लिए भी यह टेस्ट खास हो सकता है। पंत टेस्ट क्रिकेट में 98 छक्के लगा चुके हैं। अगर वह दो और छक्के जड़ देते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। भारत के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के नाम टेस्ट में 91 छक्के दर्ज हैं।

भारत की नजर 500+ स्कोर पर

पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया की नजर अब बड़े स्कोर पर है। 288/2 से आगे खेलते हुए भारत की कोशिश स्कोर को 500 रन के पार पहुंचाने की होगी। हालांकि, दूसरे दिन लगातार बारिश ने फिलहाल भारतीय टीम की इस योजना पर पानी फेर दिया है।

भारत और श्रीलंका की प्लेइंग-11

भारत

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

श्रीलंका

लाहिरू उदारा, निशान फर्नांडो, दिनेश चांदीमल, कामिन्दु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।

कहां देखें भारत-श्रीलंका टेस्ट का लाइव मैच?

भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट मैच का लाइव टेलीकास्ट भारत में Sony Sports Network के चैनलों पर देखा जा सकता है। वहीं मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइस पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV पर उपलब्ध होगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H