India Tour of Sri Lanka 2026: भारतीय क्रिकेट टीम का व्यस्त अंतरराष्ट्रीय दौरा अगस्त में भी जारी रहेगा। इंग्लैंड और जिम्बाब्वे दौरे के बाद टीम इंडिया दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका जाएगी। यह सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र का हिस्सा होगी, इसलिए दोनों टीमों के लिए इसके मुकाबले बेहद अहम माने जा रहे हैं।
बता दें कि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका पहुंचेगी, जहां दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में भारत की स्थिति उम्मीद के मुताबिक नहीं है। ऐसे में इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर टीम इंडिया के पास अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने का सुनहरा मौका होगा।
15 अगस्त से गॉल में शुरू होगा पहला टेस्ट

भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक ऐतिहासिक गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। स्पिन गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जाने वाली इस पिच पर दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में
सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में खेला जाएगा। दोनों मुकाबले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेले जाएंगे, इसलिए हर जीत और हर अंक दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण होगा।
इंग्लैंड दौरे के बाद श्रीलंका पहुंचेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है, जहां पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। यह सीरीज 11 जुलाई को समाप्त होगी। इसके बाद भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसका आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को होगा।
इंग्लैंड दौरे के बाद टीम इंडिया जिम्बाब्वे जाएगी, जहां तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज निर्धारित है। इस दौरे को 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2027 वनडे विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे।
लगातार व्यस्त रहेगा भारतीय टीम का कार्यक्रम

भारतीय टीम का अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर इस समय काफी व्यस्त है। तीनों प्रारूपों टेस्ट, वनडे और टी20 में लगातार सीरीज होने के कारण अलग-अलग खिलाड़ियों को अपनी भूमिका निभाने का मौका मिलेगा। हालांकि हाल के समय में टीम का प्रदर्शन अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा है, ऐसे में आगामी दौरे भारतीय टीम के लिए लय हासिल करने और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में वापसी का अच्छा अवसर साबित हो सकते हैं।
भारत के श्रीलंका दौरे का टेस्ट शेड्यूल
पहला टेस्ट: 15 से 19 अगस्त, गॉल
दूसरा टेस्ट: 23 से 27 अगस्त, कोलंबो
दोनों टेस्ट मुकाबले आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा होंगे और इनका असर सीधे अंक तालिका पर पड़ेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

